जगदलपुर: पुरानी पेंशन के लिए शिक्षकों का आंदोलन तेज
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) के लाभ से वंचित 1998-99 संवर्ग के शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है. प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बस्तर संभाग के आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव को एक ज्ञापन भेजा है.
शिक्षकों की मुख्य मांग है कि उनकी सेवा अवधि की गणना वास्तविक नियुक्ति तिथि से की जाए ताकि उन्हें पुरानी पेंशन सहित सभी सेवानिवृत्ति लाभ मिल सकें.
संघ का कहना है कि समान परिस्थितियों में वर्ष 2004 से पहले नियुक्त अन्य शासकीय कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से ही सेवा गणना का लाभ दिया गया है, भले ही उनका नियमितीकरण बाद में हुआ हो. ऐसे में इस संवर्ग के शिक्षकों को इस अधिकार से दूर रखना पूरी तरह से समानता के अधिकार का उल्लंघन है.
इस मामले में संघ के पदाधिकारियों का तर्क है कि शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 1998-99 में पेंशन योग्य पदों पर ही ये नियुक्तियां की गई थीं. इसके बाद साल 2001 में उनका नियमितीकरण हुआ और 2018 में शासकीयकरण किया गया. इसके बावजूद शासन द्वारा सेवा अवधि की गणना साल 2018 से की जा रही है, जिसके कारण हजारों शिक्षक पुरानी पेंशन के दायरे से बाहर हो गए हैं.
अपनी मांगों के समर्थन में संघ ने केंद्रीय सिविल सेवा पेंशन नियम 1972 और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा पेंशन नियम 1976 का हवाला देते हुए जल्द से जल्द स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की है.
प्रांतीय अध्यक्ष और संभागीय अध्यक्ष की अगुवाई में सौंपे गए इस ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि कई शिक्षक पहले ही सेवानिवृत्त होकर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं और आने वाले समय में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़ने से यह संकट और गहरा सकता है.