जगदलपुर: कार की टक्कर से छात्र की मौत, आरोपी को थाने से ही जमानत
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर के जगदलपुर शहर में बोधघाट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5:45 बजे ट्यूशन से साइकिल पर घर जा रहे 13 वर्षीय छात्र दक्ष पिल्लई की तेज रफ्तार सफेद क्रेटा कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. दक्ष आकाश नगर निवासी पवन पिल्लई का इकलौता बेटा था और कालीपुर स्थित हेम एकेडमी में कक्षा 7 में पढ़ता था.
घटना के समय दक्ष अपने तीन साथियों के साथ एलआईसी रोड से गुजर रहा था. जैसे ही वे माहरा समाज भवन और एमपीएम अस्पताल के सामने पहुंचे, धरमपुरा दिशा से आ रही तेज गति वाली कार ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दक्ष साइकिल सहित दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया.
आसपास के लोगों ने तुरंत उसे एमपीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जहां माता-पिता अपने इकलौते बेटे के जाने से टूट चुके हैं. स्थानीय समाज में भी गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की. शुरुआत में फुटेज धुंधली होने के कारण चुनौती आई, लेकिन लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी चालक व्ही. गिरी कुमार की पहचान हुई, जिसे बाद में रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया.
हालांकि, गिरफ्तारी के बाद उसे प्रावधानों के तहत थाने से ही जमानत मिल गई, जिससे परिजनों और स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है. लोग मांग कर रहे हैं कि लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके.