जगदलपुर: जमीन का कब्जा दिलाने पहुंची राजस्व टीम पर हमला
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के करपावंड में जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान अचानक भारी बवाल हो गया. न्यायालय के आदेश पर मौके पर पहुंचे राजस्व अमले के सामने ग्रामीणों का आक्रोश इस कदर फूटा कि भीड़ ने जमीन मालिक शेराराम चौधरी और जमीन विक्रेता मदन निषाद के साथ जमकर मारपीट कर दी.
इस दौरान बीच-बचाव करने उतरे राजस्व अधिकारियों के साथ भी धक्कामुक्की की गई और आरआई देवेंद्र श्रीवास को भीड़ ने दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया. इस हिंसक झड़प के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.
मिली जानकारी के अनुसार, शेराराम चौधरी ने करपावंड में मदन निषाद से करीब 10 एकड़ 10 डिसमिल जमीन खरीदी थी. इस जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने के कारण यह मामला अदालत पहुंचा था. कोर्ट का फैसला शेराराम के पक्ष में आने के बाद राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ सीमांकन और कब्जा दिलाने गांव पहुंची थी.
तहसीलदार रूपेश मरकाम और जमीन मालिक का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई अदालती आदेश और सरकारी नक्शे के आधार पर की जा रही थी.
शुरुआत में प्रक्रिया शांतिपूर्ण थी, लेकिन नापजोख शुरू होते ही गांव के सरपंच और कुछ स्थानीय लोगों ने भीड़ को उकसा दिया, जिससे हिंसा भड़क गई. अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी को आपत्ति थी तो उन्हें कानूनी रास्ता चुनना चाहिए था, कानून हाथ में लेना गलत है.
दूसरी ओर, ग्रामीणों और सरपंच का आरोप है कि राजस्व टीम जिस नक्शे के आधार पर सीमांकन कर रही थी, वह जमीनी हकीकत से अलग है. ग्रामीणों का दावा है कि सरकारी नक्शे में इस जमीन को मुख्य सड़क से लगा हुआ दिखाया जा रहा है, जबकि विक्रेता की वास्तविक जमीन गांव में काफी पीछे की तरफ है.
ग्रामीणों की मांग थी कि प्रशासन कब्जा दिलाने की जल्दबाजी करने के बजाय पहले रिकॉर्ड की इस त्रुटि को सुधारे. इसी अनदेखी की वजह से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा.
इस मामले में पुलिस और प्रशासन ने लोक शांति भंग करने के आरोप में 21 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है, जिनमें से 12 लोगों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.
इसके साथ ही, शासकीय कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों से हुज्जतबाजी करने के आरोप में डाकीन नेताम और मनीराम बघेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कोर्ट के आदेशों के पालन में बाधा डालने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.