जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज में बीपी-शुगर की दवाओं का अकाल, पैथो लैब बंद
जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर संभाग के सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र, महारानी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं इन दिनों बेपटरी हो गई हैं. अस्पताल में बीते एक महीने से मधुमेह (डायबिटीज) और रक्तचाप (बीपी) जैसी अनिवार्य दवाओं का स्टॉक पूरी तरह समाप्त हो चुका है.
दूर-दराज से आने वाले निर्धन मरीजों को दवाइयों के लिए अब 15 से 30 दिनों का लंबा इंतजार करने को कहा जा रहा है, जिसके चलते उन्हें खुले बाजार से ऊंचे दामों पर दवाएं खरीदने को विवश होना पड़ रहा है. इससे मरीजों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है.
दवाओं के संकट के साथ-साथ अस्पताल की जांच सेवाएं भी ठप पड़ी हैं.
'हमर अटल लैब' योजना के अंतर्गत करीब दस दिन पूर्व स्थापित की गई अत्याधुनिक ऑटोमेटिक जांच मशीन अब तक सफेद हाथी साबित हो रही है.
तकनीकी कारणों या विभागीय सुस्ती की वजह से इस मशीन को चालू नहीं किया जा सका है, जिसके कारण पैथोलॉजी जांच के लिए आने वाले लोगों को निजी लैब्स का रुख करना पड़ रहा है.
मुफ्त इलाज और जांच के भरोसे अस्पताल पहुंचने वाले ग्रामीण मरीजों को दवा और डायग्नोस्टिक्स दोनों के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है, जिसे लेकर आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अस्पताल की इन बुनियादी अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर करने की मांग की है.