बस्तर: 70 वर्षीय महिला की एक साथ हुई बाईपास और वॉल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ ही अब गंभीर और जटिल बीमारियों का इलाज भी स्थानीय स्तर पर संभव होने लगा है. डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (सीसीएसएच) के डॉक्टरों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला जलपरी जोशी के हृदय की दो बेहद जटिल सर्जरियां एक साथ कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है.
करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस ऑपरेशन में मरीज की कोरोनरी आर्टरी बाइपास ग्राफ्टिंग (CABG) के साथ मिट्राल वॉल्व रिप्लेसमेंट (MVR) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई.
बनियागांव की रहने वाली जलपरी जोशी लंबे समय से दिल की बीमारी से जूझ रही थीं. जब परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और एंजियोग्राफी कराई गई, तो रिपोर्ट में हृदय की एक नस में रुकावट (ब्लॉकेज) के साथ वॉल्व में गंभीर खराबी सामने आई.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीटीवीएस सर्जन डॉ. मनोज कुमार महाराणा, कार्डियक एनेस्थिसिस्ट डॉ. सौरभ कुमार और नॉन-इनवेसिव कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. मयूरी शरद की टीम ने पहले मरीज के शुगर व ब्लड प्रेशर को नियंत्रित किया और फिर एक ही सत्र में दोनों सर्जरियां करने का निर्णय लिया.
बीते 27 सितंबर को किए गए इस ऑपरेशन के दौरान खराब हो चुके वॉल्व की जगह बायोप्रोस्थेटिक (टिशु) वॉल्व लगाया गया. आमतौर पर इस प्रकार के दोहरे और जटिल इलाज के लिए बस्तर संभाग के मरीजों को रायपुर या अन्य बड़े महानगरों की ओर रुख करना पड़ता था, लेकिन जगदलपुर में ही यह सुविधा मिलने से मरीज और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है.
सफल सर्जरी के बाद अब महिला पूरी तरह से स्वस्थ हैं और अस्पताल प्रबंधन उन्हें डिस्चार्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर रहा है.