शहीदों के सम्मान में लद्दाख की साइकिल यात्रा पर जगत मंडल
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग में अब बदलाव की बयार बह रही है. सुकमा जिले के दोरनापाल के रहने वाले एक युवा, जगत मंडल ने देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए अपनी साइकिल से लद्दाख तक की 2000 किलोमीटर से अधिक की साहसिक और भावुक यात्रा शुरू की है.
जगत का उद्देश्य कोई रिकॉर्ड बनाना या एडवेंचर करना नहीं है, बल्कि उन जवानों के बलिदान को याद करना है जो सीमाओं पर हमारी रक्षा के लिए अपनी जान न्यौछावर कर देते हैं.
जगत मंडल का कहना है कि अक्सर हम शहीदों को केवल 15 अगस्त या 26 जनवरी जैसे खास मौकों पर ही याद करते हैं, लेकिन उनका बलिदान हर दिन याद किए जाने के योग्य है.
अपनी इस छह महीने की लंबी यात्रा के दौरान वे रास्ते में पड़ने वाले गांवों, शहरों, स्कूलों और कॉलेजों में जाकर युवाओं से मिलेंगे और उनमें देशभक्ति का अलख जगाएंगे.
घने जंगलों, तपती धूप और दुर्गम पहाड़ों की चुनौतियों के बावजूद जगत का हौसला बुलंद है. जब वे अपने गांव से रवाना हुए, तो पूरे गांव ने तिरंगा लहराकर और नम आंखों से उन्हें विदाई दी. बस्तर, जो कभी हिंसा के लिए चर्चा में रहता था, वहां से शुरू हुई यह यात्रा राष्ट्र निर्माण और एकता का एक बड़ा संदेश दे रही है.