इटली का इज़राइल को झटका: रक्षा समझौता निलंबित, मेलोनी सरकार सख्त
नई दिल्ली । डेस्क: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इज़राइल के साथ महत्वपूर्ण रक्षा सहयोग समझौते को निलंबित करने की घोषणा की है. यह समझौता सैन्य उपकरणों के आदान-प्रदान और तकनीकी अनुसंधान से जुड़ा था.
वेरोना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मेलोनी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने इज़राइल के साथ इस रक्षा समझौते के 'स्वचालित नवीनीकरण' को रोकने का निर्णय लिया है.
साल 2006 में स्वीकृत यह समझौता हर पांच साल में स्वतः नवीनीकृत हो जाता था. इसके तहत दोनों देशों के बीच रक्षा उद्योग, सैन्य कर्मियों के प्रशिक्षण, अनुसंधान, विकास और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में व्यापक सहयोग का प्रावधान था.
कभी इज़राइल के सबसे करीबी यूरोपीय सहयोगियों में शुमार रहने वाली मेलोनी की दक्षिणपंथी सरकार ने हाल के हफ्तों में लेबनान पर इज़राइली हमलों की कड़ी आलोचना की है.
दोनों देशों के बीच तनाव उस समय और बढ़ गया जब इटली ने इज़राइली सेना पर लेबनान में तैनात इतालवी शांति सैनिकों के काफिले पर चेतावनी गोलियां चलाने का आरोप लगाया.
इस घटना के विरोध में इटली ने इज़राइली राजदूत को तलब किया था.
वहीं, इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी द्वारा लेबनानी नागरिकों पर इज़राइली हमलों को 'अस्वीकार्य' बताए जाने के बाद इज़राइल ने भी इतालवी राजदूत को तलब कर अपनी नाराजगी जताई है. फिलहाल इज़राइल की ओर से समझौते के निलंबन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.