शशि थरूर की अंग्रेजी ही उन पर भारी पड़ी
नई दिल्ली । डेस्क: नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड (आकस्मिक बाढ़) को लेकर अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में 'ड्रामा' शब्द का इस्तेमाल करने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर चौतरफा घिर गए हैं. विवाद बढ़ता देख तिरुवनंतपुरम से सांसद थरूर ने शुक्रवार को स्पष्टीकरण जारी करते हुए अपने शब्द चयन पर खेद जताया है.
उन्होंने X पर स्पष्ट किया कि 'ड्रामा' का मतलब सिर्फ नाटक या रंगमंच नहीं होता, बल्कि शब्दकोश में इसका एक अर्थ "तीव्रता से टकराती ताकतों के बीच की स्थिति या घटनाक्रम" भी है. उन्होंने बताया कि इसी संदर्भ में उन्होंने इस शब्द का इस्तेमाल किया था. हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस शब्द का गलत अर्थ निकाला जा सकता था और उन्हें इसके चयन पर अफसोस है.
पूरा विवाद और सोशल मीडिया पर आलोचना
यह विवाद तब शुरू हुआ जब थरूर ने काठमांडू पहुंचने के बाद नेपाल में प्राकृतिक आपदा की विभीषिका पर चिंता व्यक्त करते हुए लिखा था कि वे पहाड़ियों में हुए 'ड्रामा' से बेखबर थे.
उत्तरी नेपाल के रसुवा जिले में आई इस अचानक बाढ़ से भारी तबाही हुई है. इसमें कई मोटर पुल बह गए, हाईवे क्षतिग्रस्त हो गए और कई जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा. थरूर ने भारत सरकार द्वारा नेपाल को तुरंत राहत सहायता देने के फैसले का स्वागत किया और वहां फंसे भारतीय पर्यटकों व कैलाश-मानसरोवर यात्रियों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
इसके बावजूद, यूजर्स का ध्यान उनके 'ड्रामा' शब्द पर ही टिका रहा. सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी शब्दावली और संवेदनशीलता पर सवाल उठाए:
एक यूजर ने लिखा कि प्रकृति के प्रकोप को 'ड्रामा' कहना असंवेदनशीलता है और केवल शब्दकोश का ज्ञान होना काफी नहीं होता.
एक अन्य यूजर ने थरूर की समृद्ध शब्दावली पर तंज कसते हुए इसे एक "बेहद खराब शब्द चयन" करार दिया.