इजरायली सेना यौन उत्पीड़न के आरोप को करती है नजरअंदाज
नई दिल्ली । डेस्क: इज़रायली सैन्य प्रमुख इयाल ज़मीर ने उन पांच सैनिकों को दोबारा रिजर्व ड्यूटी पर लौटने की अनुमति दे दी है, जिन पर कुख्यात एसडी टेइमान निरोध केंद्र में एक फिलिस्तीनी कैदी के साथ यौन हिंसा और बर्बरता करने के बेहद गंभीर आरोप लगे थे. यह फैसला इज़रायली सैन्य न्याय प्रणाली की उस कार्यशैली पर सवाल उठाता है, जो अपने ही सैनिकों के खिलाफ लगे जघन्य अपराधों के आरोपों को कथित तौर पर नज़रअंदाज कर रही है.
'फोर्स 100' यूनिट के ये सैनिक, जिन्हें जेलों की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया था, अब बिना किसी कानूनी बाधा के सक्रिय सैन्य अभियानों और युद्ध क्षेत्रों में तैनात किए जा रहे हैं. इज़रायली आर्मी रेडियो की रिपोर्ट बताती है कि इनमें से कई सैनिक पहले ही ड्यूटी पर लौट चुके हैं, जबकि उनके खिलाफ आंतरिक जांच अभी भी कागजों पर जारी है.
सेना के इस रुख ने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मानकों की धज्जियां उड़ा दी हैं.
पिछले महीने जब सेना के शीर्ष वकील ने इन सैनिकों के खिलाफ सभी आरोप हटा दिए, तो इसे न्याय का गला घोंटने जैसा माना गया.
गौरतलब है कि इस घटना का वीडियो फुटेज इज़रायली टीवी पर प्रसारित हुआ था, जिसमें सैनिकों को एक असहाय फिलिस्तीनी कैदी के साथ अमानवीय कृत्य करते देखा गया था.
सैन्य अभियोग के अनुसार, इस हिंसा के कारण पीड़ित की पसलियां टूट गई थीं, फेफड़े फट गए थे और उसे गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं. यहां तक कि सुविधा केंद्र के डॉक्टर योएल डोनचिन ने भी कैदी की हालत देखकर गहरी चिंता और हैरानी जताई थी.
इसके बावजूद, सैन्य वकील इताय ओफिर ने "साक्ष्यों की जटिलता" का बहाना बनाकर मामले को बंद कर दिया.
एमनेस्टी इंटरनेशनल जैसे संगठनों ने इसे इज़रायली कानूनी प्रणाली द्वारा अपराधियों को खुली छूट देने और जवाबदेही से बचने का एक और शर्मनाक उदाहरण बताया है.
यह घटनाक्रम यह स्पष्ट करता है कि इज़रायली सैन्य तंत्र के भीतर मानवाधिकारों के उल्लंघन और यौन उत्पीड़न जैसे संगीन अपराधों को न्याय के कठघरे तक लाने के बजाय उन्हें दबाने और नज़रअंदाज करने की नीति अपनाई जा रही है. Symbolic Photo