दान किए गए शवों से इजरायली सेना की गुप्त 'वॉर ट्रेनिंग'
लॉस एंजिल्स । डेस्क: क्या कोई सोच सकता है कि चिकित्सा अनुसंधान और शिक्षा की भलाई के लिए दान किया गया मानव शरीर किसी युद्ध के मैदान की बर्बर ट्रेनिंग का हिस्सा बन सकता है? अमेरिका की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया (USC) और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन डिएगो (UCSD) से सामने आई एक खोजी रिपोर्ट ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है.
छात्र पत्रकारों की एक टीम द्वारा किए गए बड़े खुलासे के बाद यह बात सामने आई है कि इन विश्वविद्यालयों ने अमेरिकी नौसेना के साथ मिलकर दान में मिले शवों को इजरायली सैन्य सर्जनों और डॉक्टरों को युद्धकालीन ट्रेनिंग के लिए सौंप दिया. इस खुलासे के बाद उन परिवारों में भारी आक्रोश और गम का माहौल है, जिन्होंने अपने प्रियजनों के अंगों या शरीर को नेक काम के लिए दान किया था.
'परफ्यूजन' तकनीक: शवों में नकली खून दौड़ाकर बनाया जाता है 'जीवित':
इस पूरी प्रक्रिया का सबसे भयावह पहलू इसकी तकनीक है. साल 2020 में यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया और अमेरिकी नौसेना के प्रशिक्षकों द्वारा लिखे गए एक मेडिकल पेपर से पता चलता है कि इजरायली सेना के 'फॉरवर्ड सर्जिकल टीम' को 4 दिनों का 'कॉम्बैट ट्रॉमा सर्जरी स्किल्स कोर्स' दिया जाता है.
इस ट्रेनिंग के दौरान मृत शरीरों को 'परफ्यूजन' (Perfusion) नामक तकनीक के जरिए दोबारा 'एनिमेट' या जिंदा जैसा किया जाता है. शवों की नसों में नकली खून पंप किया जाता है ताकि वे बिल्कुल जीवित इंसानों की तरह लगें और युद्ध के मैदान में घायल सैनिकों की तरह उनसे खून बह सके. इसके बाद इन शवों पर बम धमाकों, आईईडी (IED) ब्लास्ट, चेहरे की चोटों और सीने या पैरों में लगी गोली के घावों का कृत्रिम रूप से निर्माण कर इजरायली डॉक्टरों को सर्जरी की ट्रेनिंग दी जाती है.
2018 से चल रहा है यह गुप्त खेल:
दस्तावेजों और संघीय अनुबंधों (Federal Contracts) के अनुसार, यह कार्यक्रम नया नहीं है. यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया साल 2018 से अमेरिकी नौसेना को ये शव बेच रहा है, जिसका सीधा इस्तेमाल इजरायली सैन्य कार्यक्रम के लिए हो रहा है. वहीं, कुछ रिपोर्ट्स का दावा है कि इजरायली सैन्य कर्मी इस तरह की ट्रेनिंग के लिए 2013 से ही लॉस एंजिल्स आ रहे हैं.
जब शवों की कमी पड़ने लगी, तो यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया ने कैलिफोर्निया की एक अन्य सरकारी यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन डिएगो से हाथ मिला लिया. छात्र पत्रकारों की जांच के मुताबिक, साल 2024 से 2026 के बीच ही लगभग 124 शवों को यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन डिएगो से यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया ट्रांसफर किया गया था.
"अगर मां को पता होता, तो क्या वो कभी हां कहतीं?":
इस खुलासे के बाद डोनर परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. द्वितीय विश्व युद्ध में बतौर फ्लाइट नर्स देश की सेवा करने वालीं 101 वर्षीय जेनेट की बेटी मरियम वोल्पिन ने बताया कि उनकी मां ने 2021 में अपनी मृत्यु के बाद शरीर यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया को दान किया था. मरियम कहती हैं, "यह जानकर मेरा पेट जैसे बैठ गया कि मेरी मां के शरीर का इस्तेमाल इजरायली सेना गाजा जैसे नरसंहार वाले युद्ध के लिए अपनी टीम को ट्रेन करने में कर रही है. क्या किसी ने डोनर से पूछा था कि उनके शरीर का इस्तेमाल विदेशी सेनाएं करेंगी?"
एक अन्य डोनर की पोती जेनिफर गोमेज़ ने तीखे शब्दों में कहा, "लोग सोचते हैं कि वे दुनिया को बेहतर बनाने के लिए शरीर दान कर रहे हैं, न कि इसलिए कि उनका शरीर किसी विदेशी सेना को और अधिक शक्तिशाली और हिंसक बनाने के काम आए."
विवाद के बाद डोनर्स ने वापस लिए नाम, यूनिवर्सिटी के बदले सुर:
इस खुलासे का असर इतना बड़ा हुआ है कि भविष्य में शरीर दान करने का संकल्प ले चुके कई लोगों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं. अंग्रेजी की प्रोफेसर वेंडी स्मिथ और उनके पति ने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, सैन डिएगो को दिया अपना डोनेशन फॉर्म रद्द कर दिया है. उनका कहना है कि वे किसी भी तरह से इजरायल की नीतियों या युद्ध का हिस्सा नहीं बनना चाहते.
शुरुआत में विश्वविद्यालयों ने इन रिपोर्टों को 'झूठा' और छात्र पत्रकारों को 'एजेंडा से प्रेरित' बताकर खारिज करने की कोशिश की. लेकिन बढ़ते दबाव के बीच, 'यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया हेल्थ' ने चुपके से अपने नियम और एफएक्यू (FAQ) पेज को अपडेट कर दिया है. अब उसमें यह स्वीकार किया गया है कि दान किए गए शरीरों को सैन्य चिकित्सा कर्मियों की ट्रेनिंग के लिए 'साझा' किया जा सकता है.
गोपनीयता और पारदर्शिता पर उठे गंभीर सवाल:
इस पूरे मामले ने मेडिकल एथिक्स (चिकित्सा नैतिकता) और डोनर की सहमति (Consent) को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है. डोनर फॉर्म में कहीं भी यह स्पष्ट नहीं लिखा होता कि शवों का इस्तेमाल सैन्य या अंतर्राष्ट्रीय सैन्य अभियानों के लिए किया जाएगा. विशेषज्ञों का मानना है कि इस गोपनीयता के कारण भविष्य में बॉडी डोनेशन कार्यक्रमों के प्रति जनता का भरोसा पूरी तरह टूट सकता है.
फिलहाल, अमेरिकी नौसेना ने इस कार्यक्रम के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया के साथ अपने अनुबंधों को साल 2029 तक बढ़ाने का इरादा जाहिर किया है, जिससे यह साफ है कि विवादों के बावजूद पर्दे के पीछे का यह खेल रुकने वाला नहीं है.