पत्रकारों की हत्या में इजरायल दुनिया में नंबर 1- CPJ
नई दिल्ली । डेस्क: कमेटी टू प्रोटेक्ट जर्नलिस्ट्स (CPJ) द्वारा जारी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 मीडियाकर्मियों के लिए रिकॉर्ड पर सबसे घातक साल रहा है, जिसमें इजरायल की सैन्य कार्रवाइयों को मुख्य रूप से जिम्मेदार ठहराया गया है. रिपोर्ट के चौंकाने वाले आंकड़ों के मुताबिक, इस साल दुनिया भर में कुल 129 मीडियाकर्मी मारे गए, जिनमें से अकेले इजरायल ने कम से कम 84 पत्रकारों की जान ली.
यह संख्या किसी भी अन्य देश की तुलना में कहीं अधिक है और CPJ द्वारा 1992 में रिकॉर्ड शुरू करने के बाद से यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. संस्था ने अपनी रिपोर्ट में इजरायली सेना द्वारा प्रेस पर हमलों के लिए "दण्डमुक्ति की निरंतर संस्कृति" (कल्चर ऑफ इम्प्युनिटी) की कड़ी आलोचना की है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि इजरायल द्वारा मारे गए अधिकांश पत्रकार फिलिस्तीनी थे, लेकिन यमनी समाचार पत्रों के कार्यालयों पर किए गए हवाई हमलों में भी 31 मीडियाकर्मियों की जान गई.
CPJ ने इस बात पर विशेष जोर दिया है कि वैश्विक स्तर पर दर्ज की गई 47 "लक्षित हत्याओं" (मर्डर) में से 38 के लिए अकेले इजरायल जिम्मेदार था. संस्था ने आगाह किया है कि हकीकत में यह संख्या और भी अधिक हो सकती है, क्योंकि गाजा में जारी युद्ध, प्रेस प्रतिबंधों और मानवीय संकट के कारण कई हत्याओं की जांच करना बेहद जटिल हो गया है.
CPJ के बयान के अनुसार, इजरायल अब तक के इतिहास में किसी भी अन्य सरकार की तुलना में सबसे अधिक पत्रकारों की हत्या करने वाला देश बन गया है.
इस रिपोर्ट में अल जजीरा के पांच पत्रकारों, जिनमें अनस अल-शरीफ और होसाम शबात शामिल हैं, को इजरायली हमलों में "मारे गए" के रूप में सूचीबद्ध किया गया है.
निगरानी वेबसाइट 'Shireen.ps' के अनुसार, युद्ध की शुरुआत से अब तक इजरायल करीब 300 मीडियाकर्मियों की जान ले चुका है.
हालांकि इजरायल ने कुछ पत्रकारों की हत्या की बात स्वीकार करते हुए उन पर सशस्त्र समूहों से जुड़े होने का आरोप लगाया है, लेकिन CPJ और संबंधित मीडिया संस्थानों ने इन दावों को "घातक कलंक" (डेडली स्मीयर) बताते हुए खारिज कर दिया है.
गौरतलब है कि गाजा और यमन के अलावा, 2025 में पत्रकारों के लिए सूडान, मेक्सिको और यूक्रेन भी असुरक्षित रहे, जहां क्रमशः नौ, छह और चार पत्रकारों की मौत दर्ज की गई.