पाकिस्तान पर भरोसा नहीं, फिर भी शांति वार्ता का समर्थन- इजरायल
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच शनिवार को इस्लामाबाद में होने वाली ऐतिहासिक शांति वार्ता से पहले इजरायल ने पाकिस्तान की भूमिका पर कड़े सवाल उठाए हैं. भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजर ने स्पष्ट किया है कि उनका देश पाकिस्तान पर भरोसा नहीं करता क्योंकि वह आतंकवाद का प्रायोजक रहा है.
हालांकि, इजरायल ने क्षेत्र में शांति के लिए अमेरिका द्वारा की जा रही इस पहल और युद्धविराम का समर्थन किया है.
राजदूत अजर ने कहा कि जिस तरह पूर्व में गाजा वार्ता के लिए तुर्की और कतर जैसे देशों की मदद ली गई थी, उसी तरह अमेरिका अब पाकिस्तान की सेवाओं का उपयोग कर रहा है और इजरायल को अपने अमेरिकी सहयोगियों की रणनीति पर पूरा भरोसा है.
इधर, वार्ता की मेजबानी कर रहे पाकिस्तान ने राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किए हैं. विशेष रूप से सेरेना होटल, जहां बैठक होने की संभावना है, उसे पूरी तरह खाली कराकर किले में तब्दील कर दिया गया है.
'डॉन' की रिपोर्ट के अनुसार, 30 सदस्यीय अमेरिकी अग्रिम दल सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहले ही पहुंच चुका है.
व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि शनिवार को होने वाली इस उच्च स्तरीय चर्चा का नेतृत्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस करेंगे.
हालांकि, लेबनान में जारी सैन्य तनाव के बीच मुख्य प्रतिनिधियों के आगमन के सटीक समय को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है. इजरायल को उम्मीद है कि सैन्य क्षमताओं में कमी आने के बाद ईरानी शासन इस बार अमेरिकी '15 सूत्रीय योजना' पर गंभीरता से विचार करेगा.