Iran-Isreal War: भारत के शेयर बाजार में उछाल
नई दिल्ली । डेस्क: इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ा है. बल्कि, इस संकट के दौरान भी भारत को भारी मात्रा में निवेश मिल रहा है और शेयर बाजार नये रिकॉर्ड बना रहा है. 20 जून को सेंसेक्स 900 अंकों से अधिक उछला, जिससे निवेशकों को लगभग 5 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ.
भारतीय रिजर्व बैंक ने हाल ही में प्रोजेक्ट फाइनेंसिंग को लेकर नये दिशा-निर्देश जारी किये हैं, जो NBFC और बैंकों पर लागू होंगे. इन नियमों के कारण इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में फंडिंग की लागत कम होगी, जिससे कर्जदाताओं को फायदा होगा और बाजार में तरलता बढ़ेगी.
विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) लगातार 12 दिनों तक भारतीय बाजार में निवेश कर रहे हैं और अब तक 2,566 करोड़ रुपये की राशि डाल चुके हैं. इसके अलावा, अमरीकी डॉलर के कमजोर होने से भारतीय रुपया मजबूत हुआ है, जिससे विदेशी पूंजी का प्रवाह बढ़ा है.
अमरीकी फेड रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने इस साल दो बार ब्याज दरें कम करने का संकेत दिया है. हालांकि अभी तत्काल कोई कटौती नहीं हुई है, लेकिन इस संभावना से वैश्विक बाजारों में उत्साह बना हुआ है. अमरीकी अर्थव्यवस्था की विकास दर 1.4 फीसदी रहने का अनुमान है, जबकि मुद्रास्फीति के आंकड़ों में भी सुधार देखा गया है.
इजरायल-ईरान जैसे वैश्विक तनाव के बीच भी भारत की अर्थव्यवस्था स्थिरता दिखा रही है. RBI की नीतियाँ, FII का बढ़ता निवेश और अमरीकी फेड के संकेतों ने मिलकर भारतीय बाजार को सपोर्ट किया है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो भारत की आर्थिक विकास दर और भी मजबूत हो सकती है.