'इस्लामाबाद समझौता' विदेश नीति के लिए बड़ा झटका- कांग्रेस
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका और ईरान के बीच हुए ऐतिहासिक शांति समझौते को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. दोनों देशों के बीच हुए इस 14 सूत्रीय समझौते को 'इस्लामाबाद एमओयू' (Islamabad MoU) नाम दिए जाने पर कांग्रेस ने गहरी चिंता व्यक्त की है. कांग्रेस का कहना है कि यह समझौता वैश्विक मंच पर पाकिस्तान के बढ़ते प्रभाव को दिखाता है, जो भारत की विदेश नीति के लिए एक "गंभीर झटका" है.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस समझौते का नाम 'इस्लामाबाद एमओयू' होना यह साबित करता है कि पाकिस्तान ने एक बार फिर क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है.
उन्होंने याद दिलाया कि नवंबर 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान को वैश्विक मंच पर अलग-थलग कर दिया था, लेकिन अब पासा पलट चुका है.
जयराम रमेश ने कहा, "यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति के तौर-तरीकों और प्रभाव दोनों के लिए एक बड़ा झटका है. पाकिस्तान अब पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक और सुरक्षा ढांचे में और अधिक गहराई से शामिल हो गया है, जिसके भारत के लिए बेहद गंभीर परिणाम हो सकते हैं."
उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि यह समझौता पूरी तरह लागू होता है तो यह एक बड़ा कदम है, लेकिन इसके 'गलतफहमी का समझौता' (Memorandum of Misunderstanding) बनने की आशंका भी बनी हुई है और अगले 60 दिन बेहद महत्वपूर्ण होंगे.
कांग्रेस नेता ने इजराइल के प्रति प्रधानमंत्री मोदी के रुख की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि यह समझौता इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए एक बड़ी हार है, जो इस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अकेले पड़ गए हैं.
यहाँ तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी उनके प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं. रमेश ने आरोप लगाया कि केवल पीएम मोदी ही लेबनान, गाजा और वेस्ट बैंक में नेतन्याहू के कदमों का आंख मूंदकर समर्थन कर रहे हैं, और यह "अंधभक्ति" देश को भारी पड़ रही है.
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी प्रशासन के बीच हुए इस समझौते के तहत ईरान अपने अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम के भंडार को कम करने पर सहमत हुआ है. इसके बदले में अमेरिका ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाएगा, जिससे ईरान को स्वतंत्र रूप से तेल बेचने की अनुमति मिलेगी.
इस पूरे घटनाक्रम पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि दोनों देशों के राष्ट्रपतियों ने इस ऐतिहासिक 'इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन' पर इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें पाकिस्तान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई है. इस समझौते के प्रभावी होने के साथ ही ईरान तत्काल होर्मुज जलडमरू मध्य को खोल देगा और अमेरिका अपनी नौसैनिक नाकेबंदी हटा लेगा.