BSP लोहा चोरी: BJP नेता भास्कर मुदलियार गिरफ्तार, पार्टी से निष्कासित
भिलाई । संवाददाता: भिलाई स्टील प्लांट से लगभग 250 टन लोहा चोरी होने के चर्चित मामले में पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. पुलिस प्रवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कदम उठाया गया है. चोरी के इस नेटवर्क में शामिल होने के आरोपी और पेशे से स्क्रैप कारोबारी भास्कर मुदलियार उर्फ बाचू को पुलिस ने शनिवार सुबह उसके घर के पास से हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद जेल भेज दिया.
वह वैशाली नगर मंडल में भाजपा कोषाध्यक्ष के पद पर कार्यरत था. हालांकि, गिरफ्तारी की खबर आते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं, जिसके तुरंत बाद भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने त्वरित कदम उठाते हुए भास्कर को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया.
जांच में खुलासा हुआ है कि हथखोज स्थित जिस गोदाम में पुलिस ने पहली बार छापा मारकर चोरी की खेप पकड़ी थी, वहां से भास्कर का एक ट्रक भी बरामद हुआ था. गिरोह के मास्टरमाइंड संजय सिंह और आकाश ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि वे भिलाई स्टील प्लांट से चुराया गया लोहा 34 से 38 रुपये प्रति किलो की दर से भास्कर को बेचते थे.
शुरुआत में संजय अन्य कबाड़ियों को भी माल सप्लाई करता था, लेकिन बाद में उसने पूरी खेप भास्कर को ही देना शुरू कर दिया था. स्क्रैप ट्रेडिंग की आड़ में आरोपी अपनी ट्रांसपोर्ट कंपनी की गाड़ियों का इस्तेमाल कर इस लोहे को रायपुर की एक बड़ी फर्म और अन्य राज्यों तक खपाता था. पुलिस की जांच में आकाश के कॉल डिटेल से भी भास्कर के लगातार संपर्क में होने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं.
उल्लेखनीय है कि भिलाई स्टील प्लांट से लोहे की चोरी के इस बड़े सिंडिकेट में मुख्य आरोपी संजय सिंह सहित अब तक कुल 16 लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है. भास्कर मुदलियार इस मामले में 17वां आरोपी है.
हथखोज का यह संदिग्ध गोदाम इसी वर्ष फरवरी में शुरू किया गया था, जहां से पूरे नेटवर्क को संचालित किया जा रहा था. पुलिस का मानना है कि गिरोह के बाकी सदस्य केवल चोरी करने का काम अंजाम देते थे, जबकि माल को ठिकाने लगाने और आगे बेचने का मुख्य जिम्मा भास्कर का ही था. फिलहाल पुलिस इस पूरे सिंडिकेट के अन्य संभावित तारों को खंगालने में जुटी है.