ईरानी खिलाड़ियों ने दिया 'शांति, सम्मान और दोस्ती' का संदेश
नई दिल्ली । डेस्क: लॉस एंजिल्स के सोफी स्टेडियम में फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण का अपना दूसरा मुकाबला खेलने के बाद, ईरानी राष्ट्रीय फुटबॉल टीम ने ड्रेसिंग रूम से एक बेहद भावुक संदेश जारी किया है. मैदान पर कड़े मुकाबले के बीच खिलाड़ियों का यह संदेश दुनिया भर के खेल प्रेमियों का दिल जीत रहा है.
यह मुकाबला स्टेडियम में मौजूद प्रशंसकों के लिए भी बेहद भावुक रहा. स्टैंड्स में बैठे हजारों फैंस के हाथों में "मीनाब 168" लिखे बैनर और शर्ट नजर आए. यह फरवरी 2026 में ईरान के मीनाब शहर के एक स्कूल पर हुए दर्दनाक मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले 168 मासूम पीड़ितों को एक भावभीनी और गंभीर श्रद्धांजलि थी.
ऑस्ट्रेलिया में ईरानी दूतावास द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए इस संदेश में खिलाड़ियों ने लिखा, "हजारों साल पुराने प्राचीन ईरान से लेकर आज के सभ्य ईरान तक, हमारे देश की आत्मा हमेशा जीवित और दृढ़ रही है. हम पूरे गर्व के साथ लॉस एंजिल्स आए, पूरी खेल भावना और बहादुरी के साथ मुकाबला किया, और अब पूरे सम्मान के साथ इस शहर से विदा ले रहे हैं."
टीम ने दुनिया भर में मौजूद अपने प्रशंसकों का आभार जताते हुए आगे कहा, "हम उन सभी ईरानियों के बेहद आभारी हैं, जो इन 180 मिनटों (दोनों मैचों) में पूरे दिल, आवाज और अपनी पूरी ताकत के साथ ईरान के समर्थन में खड़े रहे. हम दुनिया के सभी देशों के बीच शांति, सम्मान और अटूट दोस्ती की कामना करते हैं."
टूर्नामेंट में ईरान के सफर की बात करें तो टीम का प्रदर्शन अब तक काफी संतुलित रहा है. उन्होंने 16 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-2 से रोमांचक ड्रॉ खेला था, जिसके बाद 21 जून को बेल्जियम के खिलाफ उनका मुकाबला 0-0 की बराबरी पर छूटा. अब ग्रुप चरण के अपने आखिरी और निर्णायक मुकाबले में ईरान का सामना 27 जून को मिस्र से होगा.