अमेरिकी तेल टैंकर पर ईरानी हमला, एक भारतीय की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: इराक के खोर अल जुबैर बंदरगाह के पास बुधवार को एक अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' (Safesea Vishnu) पर ईरानी "सुसाइड" नाव से हमला किया गया, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है. सूत्रों के अनुसार, मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाला यह जहाज इराकी जलक्षेत्र के भीतर मौजूद था, जब इसे निशाना बनाया गया.
इस भीषण हमले के बाद जहाज पर सवार अन्य 27 चालक दल के सदस्यों और कर्मियों को सुरक्षित बचा लिया गया है और उन्हें इलाज व सुरक्षा के लिए बसरा ले जाया गया है.
हमले की शिकार हुई कंपनी 'सेफसी' ने अपने भारतीय कर्मचारी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है. कंपनी और शिपिंग क्षेत्र से जुड़े सूत्रों ने भारत सरकार से इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करने और क्षेत्र में भारतीय नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है.
विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर नाविकों में 15 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी भारतीयों की है, ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी जहाज को निशाना बनाए जाने पर भारतीय नागरिकों के "कोलैटरल डैमेज" होने का खतरा बढ़ गया है.
वेसल फाइंडर के आंकड़ों के मुताबिक, 2007 में बना यह कच्चा तेल टैंकर 228.6 मीटर लंबा है और वर्तमान में मार्शल आइलैंड्स के झंडे तले संचालित हो रहा था. Symbolic Photo