ईरान के राष्ट्रपति ने दिल्ली से अमेरिका-इजराइल को दी चेतावनी
नई दिल्ली । डेस्क: BRICS सम्मेलन में भाग लेने भारत पहुंचे ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने दिल्ली से अमेरिका और इजराइल पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान किसी भी धमकी के आगे कभी घुटने नहीं टेकेगा और हर दबाव का करारा जवाब देगा. इसके साथ ही उन्होंने भारत की शानदार मेजबानी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का आभार भी व्यक्त किया.
सम्मेलन से पहले शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे ईरानी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की. इस बैठक के बाद भारत के धार्मिक नेताओं, बुद्धिजीवियों और उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए पेजेशकियन ने कहा कि पीएम मोदी के साथ उनकी बहुत सकारात्मक चर्चा हुई है.
उन्हें उम्मीद है कि यह बातचीत दोनों देशों के बीच संस्कृति, विज्ञान, तकनीक, व्यापार और अर्थव्यवस्था के क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोलेगी.
इजराइल और अमेरिका पर निशाना साधते हुए ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि ये देश ईरान को डराकर अपने वश में करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ईरान बार-बार इनके खिलाफ डटकर खड़ा हुआ है.
उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को मानवाधिकारों का समर्थक बताने वाले ये देश वास्तव में आम नागरिकों, वैज्ञानिकों, स्कूलों और अस्पतालों को निशाना बना रहे हैं. पेजेशकियन ने कहा कि ईरान की जनता कभी आत्मसमर्पण नहीं करेगी और मानवता में विश्वास बनाए रखेगी.
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ईरान के राष्ट्रपति के साथ बैठक में भारत का रुख साफ किया. पीएम मोदी ने सभी समस्याओं को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने का आह्वान करते हुए क्षेत्र में स्थायी शांति, स्थिरता और सुरक्षित समुद्री व्यापार सुनिश्चित करने पर जोर दिया.