ईरान परमाणु डील: नेतन्याहू की 'नो न्यूक्लियर' शर्त
यरुशलम । डेस्क: इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान और अमेरिका के बीच संभावित परमाणु समझौते के लिए अपनी बेहद सख्त शर्तें सार्वजनिक कर दी हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हालिया मुलाकात के बाद नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि किसी भी समझौते में ईरान के परमाणु बुनियादी ढांचे को पूरी तरह नष्ट करना शामिल होना चाहिए.
उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान से सारा संवर्धित मटेरियल बाहर भेजा जाए, संवर्धन की क्षमता को खत्म किया जाए और उसके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर लगाम कसी जाए.
यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची परमाणु वार्ता के दूसरे दौर के लिए स्विट्जरलैंड रवाना हो गए हैं.
गौरतलब है कि पिछले साल जून में ईरान पर इजरायली हमलों के बाद बातचीत टूट गई थी, जिसे अब ट्रंप प्रशासन फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है.
हालांकि, जहां ट्रंप एक "डील" की संभावना तलाश रहे हैं, वहीं नेतन्याहू इसे असंभव मान रहे हैं.
इस बीच, रिपोर्ट्स के अनुसार ट्रंप ने संकेत दिया है कि यदि कूटनीति विफल रहती है, तो वह ईरान के मिसाइल ठिकानों पर इजरायली सैन्य कार्रवाई का समर्थन कर सकते हैं. अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए दूसरा विमानवाहक पोत भी तैनात कर दिया है, जिससे मध्य पूर्व में बड़े युद्ध की आशंका और गहरा गई है.