अभी ईरान मिशन अधूरा पर ट्रंप क्यूबा पर कब्जा करना चाहते हैं
वाशिंगटन । डेस्क: दुनिया के सबसे अशांत क्षेत्रों में से एक, पश्चिम एशिया में तनाव को चरम पर पहुँचाने के बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नज़रें एक छोटे से द्वीप देश क्यूबा पर टिक गई हैं. सोमवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने खुलेआम घोषणा की कि वे "किसी न किसी रूप में क्यूबा को कब्जे में लेने" का इरादा रखते हैं.
यह बयान ऐसे समय में आया है जब ट्रंप प्रशासन ईरान में एक बड़े सैन्य अभियान में उलझा हुआ है.
इजरायल के साथ मिलकर ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई को मौत के घाट उतार दिया है और पूरे देश में भीषण हवाई हमले जारी हैं. लेकिन इस भारी सैन्य कार्रवाई के बावजूद, ट्रंप ईरान के सबसे महत्वपूर्ण 'तुरूप के पत्ते' यानी होरमुज जलडमरूमध्य के सामने बेबस नज़र आ रहे हैं.
ईरान ने रणनीतिक रूप से इस समुद्री मार्ग को बंद कर वैश्विक तेल आपूर्ति को ठप कर दिया है, जिससे दुनिया भर में ऊर्जा संकट पैदा हो गया है.
हैरानी की बात यह है कि ट्रंप के इस आक्रामक रुख पर दुनिया का कोई भी बड़ा देश, यहाँ तक कि उनके पारंपरिक सहयोगी भी होरमुज के मुद्दे पर उनका साथ देने को तैयार नहीं हैं.
अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस युद्ध को और भड़काने के बजाय संयम बरतने की अपील कर रहा है. ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब महाशक्ति अमेरिका एक तरफ ईरान के गतिरोध को सुलझाने में नाकाम दिख रहा है, तो ट्रंप एक छोटे और आर्थिक रूप से जर्जर देश क्यूबा को कब्जे में लेने की धमकी देकर क्या साबित करना चाहते हैं?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रंप की ध्यान भटकाने की रणनीति हो सकती है.
क्यूबा इस समय अपने इतिहास के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है. अमेरिकी तेल नाकेबंदी के कारण वहां का नेशनल ग्रिड पूरी तरह फेल हो चुका है और 1 करोड़ लोग अंधेरे में हैं.
ट्रंप ने साफ कहा, "मैं क्यूबा के साथ जो चाहूँ वो कर सकता हूँ." लेकिन ईरान जैसे मोर्चे पर वैश्विक समर्थन खोने के बाद, क्यूबा के खिलाफ इस तरह की बयानबाजी उनकी अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर कई गंभीर सवाल खड़े करती है.