ईरान: अमेरिकी स्ट्राइक में महान एयर का विमान क्षतिग्रस्त, भारत से आनी थी मदद
नई दिल्ली । डेस्क: ईरानी अधिकारियों ने दावा किया है कि सोमवार को मशहद हवाई अड्डे पर हुए एक अमेरिकी हवाई हमले में महान एयर (Mahan Air) का एक विमान क्षतिग्रस्त हो गया है. अधिकारियों के अनुसार, यह विमान इस सप्ताह नई दिल्ली जाने वाला था ताकि ईरान के लोगों के लिए भारत से आवश्यक चिकित्सा सामग्री और मानवीय सहायता लाई जा सके.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस विमान को 1 अप्रैल को नई दिल्ली पहुंचना था.
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि मशहद एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद विमान को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे सहायता मिशन में बाधा आ सकती है.
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है.
गौरतलब है कि भारत ने 18 मार्च को ईरानी रेड क्रीसेंट सोसाइटी के माध्यम से चिकित्सा आपूर्ति की पहली खेप ईरान भेजी थी, जिसके लिए नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने भारत की जनता का आभार भी व्यक्त किया था.
महान एयर एक निजी ईरानी एयरलाइन है जो दक्षिण एशिया सहित एशिया के कई हिस्सों में अपनी सेवाएं संचालित करती है. फिलहाल इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच होने वाले सहायता मिशन पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं. Symbolic Photo