इजराइल बम मत गिराओ- ट्रंप
नई दिल्ली । डेस्क: ट्रंप ने मंगलवार को ईरान और इजराइल के बीच युद्धविराम का ऐलान किया लेकिन कुछ ही घंटों बाद उन्होनें इजराइल को चेताया. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा "इजराइल, ये बम मत गिराना. अगर ऐसा किया तो यह संघर्षविराम का बड़ा उल्लंघन होगा. अपने पायलटों को वापस बुलाओ, अभी तुरंत!"
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यह प्रतिक्रिया इजरायली सेना के उस बयान के बाद आई, जिसमें ईरान पर एक और मिसाइल दागने का आरोप लगाते हुए जवाबी कार्रवाई की धमकी दी गई थी. हालांकि, ईरान ने इससे इनकार किया.
40 मिनट बाद ट्रंप ने फिर सोशल ट्रूथ पर पोस्ट स्पष्ट किया कि "इजराइल हमला नहीं करेगा. सभी विमान वापस बुला लिये गये हैं. ईरान के ऊपर 'दोस्ताना चक्कर' के बाद विमान बेस लौट रहे हैं. सीजफायर कायम है." उन्होंने इजराइल का धन्यवाद भी दिया.
अब तक की घटनायें
सुबह 10:38 बजे भारतीय समयानुसार ट्रंप ने युद्धविराम की घोषणा की. 11:30 बजे तक इजराइल ने अमरीकी के प्रस्ताव को माना, जबकि ईरान ने शर्त रखी कि वह हमले तभी रोकेगा जब इजराइल ऐसा करेगा. दोपहर 1 बजे इजरायली सेना ने दावा किया कि ईरान की मिसाइलों को उत्तरी इलाकों में रोक दिया गया और "ताकत से जवाब" देने की बात कही.
सीजफायर से पहले ईरान के राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर इजरायली मिसाइलों से हमला हुआ, जिसमें 9 लोगों की मौत हुई, जिनमें एक परमाणु वैज्ञानिक भी शामिल था. वहीं, इजराइल के बेर्शेबा शहर में 4 लोगों की मृत्यु हुई.
अपने अंतिम सोशल ट्रूथ मैसेज में ट्रंप ने कहा "ईरान अब कभी भी अपने परमाणु केंद्रों को फिर से नहीं बना पायेगा." यह बयान ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमरीकी दबाव की रणनीति को दर्शाता है.