ईरान ने अमेरिका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता के दावों को नकारा
तेहरान । डेस्क: ईरान ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि वह अमेरिका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता के लिए सहमत हो गया है. ईरानी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, इस्लामाबाद में सोमवार होने वाली प्रस्तावित बैठक की खबरें पूरी तरह निराधार हैं.
ईरान ने अमेरिका पर "अत्यधिक मांगों, अवास्तविक अपेक्षाओं और बार-बार रुख बदलने" का आरोप लगाते हुए इसे दबाव बनाने की एक कूटनीतिक चाल करार दिया है.
ईरान का कहना है कि अमेरिका द्वारा जारी की गई खबरें महज एक 'मीडिया गेम' और 'ब्लेम गेम' का हिस्सा हैं, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान पर दबाव बनाया जा सके.
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उनके वार्ताकार सोमवार रात पाकिस्तान पहुंचेंगे. ट्रंप ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि यदि ईरान समझौता करने से इनकार करता है, तो उसे गंभीर सैन्य परिणामों का सामना करना होगा.
इस तनाव के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने स्पष्ट किया है कि ईरान युद्ध नहीं चाहता और केवल आत्मरक्षा में कदम उठा रहा है.
हालांकि, जमीनी स्तर पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है क्योंकि IRGC ने मिसाइल और ड्रोन लॉन्चरों की तैनाती तेज कर दी है, जबकि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री ड्रोन के जरिए निगरानी बढ़ा रहा है.
इस बीच, स्पेन ने भी अंतरराष्ट्रीय कानून के उल्लंघन का हवाला देते हुए इजरायल के साथ यूरोपीय संघ के व्यापार समझौते को समाप्त करने की मांग की है, जिससे क्षेत्रीय संघर्ष के कूटनीतिक आयाम और जटिल हो गए हैं.