16 बार सूर्योदय-सूर्यास्त देख रहे हैं- शुभांशु शुक्ला
16 बार सूर्योदय-सूर्यास्त देख रहें हैं- शुभांशु शुक्ला
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला गुरुवार को भारतीय समयानुसार अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर पहुंचे. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बातचीत की. इस दौरान शुभांशु ने बताया कि वे अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 24 घंटे में 16 बार सूर्योदय और 16 बार सूर्यास्त देख रहे हैं.
भारतीय समयानुसार शनिवार दोपहर पीएम मोदी ने शुभांशु से अंतरिक्ष से उनके अनुभवों के बारे में पूछा. शुभांशु ने जवाब दिया, "कुछ देर पहले जब मैंने खिड़की से बाहर देखा, तो हम हवाई (अमरीका का एक राज्य) के ऊपर थे. हम यहां हर दिन 16 बार सूर्योदय और 16 बार सूर्यास्त देख रहे हैं."
पीएम मोदी ने शुभंशु से पूछा, "आप जो गाजर का हलवा ले गये हैं, क्या उसे अपने साथियों को खिलाया?"
शुभांशु ने जवाब दिया, "जी प्रधानमंत्री जी! यह कुछ चीजें मैं अपने देश की खाने की लेकर आया था, जैसे गाजर का हलवा, मूंग दाल का हलवा और आम रस और मैं चाहता था कि यह बाकी भी जो मेरे साथी हैं, बाकी देशों से जो आये हैं, वह भी इसका स्वाद लें और चखें, जो भारत का जो rich culinary हमारा जो हेरिटेज है, उसका एक्सपीरियंस लें, तो हम सभी ने बैठकर इसका स्वाद लिया साथ में और सबको बहुत पसंद आया. कुछ लोग कहे कि कब वह नीचे आयेंगे और हमारे देश आये और इनका स्वाद ले सकें हमारे साथ…"
पीएम मोदी ने शुभांशु से कहा, "शुभ, परिक्रमा करना भारत की सदियों पुरानी परंपरा है. आपको तो पृथ्वी माता की परिक्रमा का सौभाग्य मिला है. अभी आप पृथ्वी के किस भाग के ऊपर से गुजर रहे होंगे."
शुभांशु ने जवाब दिया, "जी प्रधानमंत्री जी! इस समय तो मेरे पास यह इनफॉरमेशन उपलब्ध नहीं है, लेकिन थोड़ी देर पहले मैं खिड़की से, विंडो से बाहर देख रहा था, तो हम लोग हवाई के ऊपर से गुजर रहे थे और हम दिन में 16 बार परिक्रमा करते हैं. 16 सूर्य उदय और 16 सनराइज और सनसेट हम देखते हैं ऑर्बिट से और बहुत ही अचंभित कर देने वाला यह पूरा प्रोसेस है. इस परिक्रमा में, इस तेज गति में जिस हम इस समय करीब 28000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे हैं आपसे बात करते वक्त और यह गति पता नहीं चलती क्योंकि हम तो अंदर हैं, लेकिन कहीं ना कहीं यह गति जरूर दिखाती है कि हमारा देश कितनी गति से आगे बढ़ रहा है."
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पृथ्वी के चारों ओर प्रति घंटे 28,000 किलोमीटर की गति से चक्कर लगाता है. पृथ्वी की एक परिक्रमा करने में इसे 90 मिनट लगते हैं. यही कारण है कि हर 45 मिनट में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर दिन और रात का चक्र पूरा होता है. इससे पहले भारतीय-अमरीकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स भी इस अनुभव को साझा कर चुकी हैं.
शुभांशु ने पीएम मोदी को अंतरिक्ष से भारत के दृश्य के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा, "जब मैंने पहली बार अंतरिक्ष से पृथ्वी को देखा, तो कोई सीमा रेखा नहीं दिखी. वहां न कोई देश है, न कोई महाद्वीप. और जब मैंने भारत को देखा, तो यह नक्शे से कहीं ज्यादा विशाल और भव्य लगा."
नासा के अनुसार, इस समय अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 11 अंतरिक्ष यात्री मौजूद हैं, जो विभिन्न शोध कार्यों में व्यस्त हैं. 'एक्सपेडिशन 73' के सात सदस्य पहले से स्टेशन पर थे, जो 'एक्स-4' मिशन के चार नये अंतरिक्ष यात्रियों, जिसमें शुभांशु शामिल हैं, को ऑर्बिटल लैब सिस्टम के साथ तालमेल बिठाने में मदद कर रहे हैं. अगले दो सप्ताह तक माइक्रोग्रैविटी से संबंधित शोध कार्य चलेंगे, जिसके लिये नये अंतरिक्ष यात्रियों को तैयार किया जा रहा है.
गुरुवार दोपहर को स्पेसएक्स के 'ड्रैगन' अंतरिक्षयान का हैच खुलने के बाद 'एक्स-4' मिशन की कमांडर और अनुभवी अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन सबसे पहले अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में प्रवेश कीं. उनके बाद शुभांशु शुक्ला, स्लायोस उज़नान्स्की-विसन्यूस्की और टिबोर कपु ने प्रवेश किया. शुक्रवार से 'ड्रैगन' से प्रयोग के लिए नमूने, उपकरण और पोर्टेबल साइंस फ्रीजर उतारने का काम शुरू हुआ. साथ ही, 'एक्सपेडिशन 73' के सदस्यों ने नये अंतरिक्ष यात्रियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जिम्मेदारियों और मिशन नियंत्रकों के साथ संचार की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी.
इस बीच, 'एक्सपेडिशन 73' के सात सदस्य अपने शोध कार्यों में जुटे हैं, और शुभांशु सहित नये अंतरिक्ष यात्री भी अपने शोध कार्य शुरू कर चुके हैं.