नवा रायपुर में इंटरनेशनल गोल्फ टूर्नामेंट का आगाज, कपिल देव उपस्थित
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ तेजी से देश के प्रमुख स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है. इसी कड़ी में नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ गोल्फ टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण किया और देश-विदेश से आए 132 पेशेवर गोल्फ खिलाड़ियों का स्वागत किया.
आयोजन में 1983 क्रिकेट विश्वकप विजेता कप्तान एवं प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल देव की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ा दी.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गोल्फ कोर्स पर स्वयं हाथ आजमाते हुए शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी फिल्मों में दिखने वाला गोल्फ खेल अब नवा रायपुर की धरती पर बड़े पैमाने पर आयोजित हो रहा है, जो राज्य की बदलती तस्वीर और मजबूत होती खेल संस्कृति का प्रमाण है.
इस प्रतियोगिता में 18 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों समेत देश-दुनिया के दिग्गज हिस्सा ले रहे हैं. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन आने वाले समय में नवा रायपुर को विश्वस्तरीय गोल्फ गंतव्य के रूप में स्थापित करेगा और राज्य में खेल पर्यटन को बढ़ावा देगा.
राज्य में बुनियादी खेल ढांचे के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने 'मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन', 'बस्तर ओलंपिक' और 'सरगुजा ओलंपिक' जैसी पहलों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद पर मिली निर्णायक सफलता के बाद अब वहां शांति और विकास का दौर है, जहां युवा हिंसा छोड़कर खेलों के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं.
उन्होंने बाहर से आए खिलाड़ियों को बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात और सरगुजा के प्राकृतिक सौंदर्य का भ्रमण करने का न्योता भी दिया.
पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव ने आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त करते हुए सुझाव दिया कि इस टूर्नामेंट का आयोजन हर साल नियत तारीखों पर किया जाए, ताकि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपने शेड्यूल में इसे शामिल कर सकें. उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तर्ज पर छत्तीसगढ़ भी जल्द ही देश का प्रमुख गोल्फ सेंटर बनेगा.