'दिमागी नक्सल पार्टी' सोशल मीडिया पर वायरल
नई दिल्ली । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण में इस्तेमाल किए गए 'दिमागी नक्सल' शब्द के अगले ही दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर 'दिमागी नक्सल पार्टी' नाम का एक पैरोडी (व्यंग्यात्मक) अकाउंट सामने आया है. इस अकाउंट ने बेहद कम समय में काफी लोकप्रियता हासिल कर ली और इसके फॉलोअर्स की संख्या 2 लाख के पार पहुंच गई है.
इस पेज पर मुख्य रूप से व्यंग्यात्मक सामग्री पोस्ट की जा रही है, जिसका नारा है-"हम सोचते हैं, हम शोध करते हैं, हम विरोध करते हैं."
अकाउंट के संस्थापकों ने खुद को शहीद भगत सिंह की विचारधारा का अनुयायी बताया है और उनके विचारों का हवाला देते हुए स्वतंत्र सोच एवं असहमति के अधिकार को अपनी पार्टी का मुख्य आधार बताया है.
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद देश में नया राजनीतिक विवाद छिड़ गया है. अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि सरकार ने सशस्त्र माओवादी हिंसा को काफी हद तक समाप्त कर दिया है, लेकिन अब यह विचारधारा अलग रूप में व्यवस्था के भीतर से प्रभाव डाल रही है.
इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने कहा कि उन्हें 'दिमागी नक्सल' होने पर गर्व है. चिदंबरम के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने इसे गैर-जिम्मेदाराना करार दिया.
रिजिजू ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री का इशारा संविधान और देश की संप्रभुता का विरोध करने वालों की तरफ था, न कि राजनीतिक विपक्ष की तरफ. 'कॉकरोच जनता पार्टी' की तरह उभरा यह नया डिजिटल ट्रेंड दर्शाता है कि कैसे सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानों को व्यंग्य और डिजिटल आंदोलनों के रूप में बदला जा रहा है.
X पर भी दिमागी नक्सल जनता पार्टी
'दिमागी नक्सल जनता पार्टी' (DNJP) नाम से बने नए सोशल मीडिया अकाउंट्स और सीजेपी के अभियानों में जन-जी (Gen Z) के अनोखे अंदाज और हास्य का मिला-जुला असर नजर आ रहा है. DNJP के एक्स (@DNJP_India) पर 14,000 से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं और कई उपयोगकर्ताओं ने एकजुटता दिखाने के लिए अपने नाम के आगे 'दिमागी नक्सल' जोड़ लिया है. इस पार्टी की एक वेबसाइट भी है, जिस पर एक मेनिफेस्टो और एंथम जारी किया गया है. एंथम में 2006 की फिल्म 'रंग दे बसंती' के 'सरफ़रोशी की तमन्ना' दृश्य का YouTube लिंक साझा किया गया है.
DNJP के संस्थापक की पहचान अभी गुप्त है और वे 'ए दिमागी इंडियन' नाम से सक्रिय हैं. DNJP अपने मेनिफेस्टो में स्पष्ट करती है कि उनका कोई झंडा, फॉन्ट या चेहरा नहीं होगा, और इसमें शामिल होने के लिए सिर्फ सोचने-समझने की क्षमता और सवाल उठाने की हिम्मत चाहिए. पार्टी का मानना है कि 'दिमागी नक्सल' या 'एंटी-नेशनल' जैसे टैग हर राजनीतिक दल द्वारा आलोचना को दबाने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं, और जो लोग खुद सोचते हैं, वे अब इस टैग के जरिए एकजुट हो रहे हैं.