Indo-US Tread Deal: देश के हितों का पूर्ण आत्मसमर्पण- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस समझौते के जरिए भारत की ऊर्जा सुरक्षा और किसानों का भविष्य वाशिंगटन को सौंप दिया गया है. उन्होंने इसे देश के हितों का 'पूर्ण आत्मसमर्पण' करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वित्तीय ढांचे की रक्षा के लिए 1.5 बिलियन भारतीयों के भविष्य से समझौता किया है.
राहुल गांधी ने अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए दरवाजे खोलने की आलोचना करते हुए कहा कि इससे भारतीय किसान बर्बाद हो जाएंगे. उन्होंने डेटा सुरक्षा और डॉलर के हथियारकरण जैसे वैश्विक मुद्दों पर सरकार की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि भारत का डेटा देश की सबसे बड़ी संपत्ति है, जिसे मोलभाव के लिए मजबूती से इस्तेमाल किया जाना चाहिए था.
दूसरी ओर, सरकार ने इन आरोपों का खंडन किया है. वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने समझौते का बचाव करते हुए कहा कि यह एक 'कैलिब्रेटेड' कदम है जिसमें एमएसएमई और किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि गेहूं, चावल, डेयरी और चीनी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में कोई रियायत नहीं दी गई है.
इसी बीच, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्षी सांसदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सदन के माहौल को और गरमा दिया.
रिजिजू ने दावा किया कि 20-25 कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चैंबर में जाकर उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की.
उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल जैसे वरिष्ठ नेता वहां मौजूद थे, लेकिन उन्होंने सांसदों को रोकने की कोशिश नहीं की. रिजिजू के अनुसार, इस घटना से स्पीकर काफी आहत हैं.