'ट्रैप डील' है Indo-US व्यापार समझौता- मल्लिकार्जुन खड़गे
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत और अमेरिका के बीच हुए हालिया व्यापार सौदे को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक फैक्टशीट का हवाला देते हुए खड़गे ने इसे 'ट्रैप डील' करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार ने देश के रणनीतिक हितों के साथ समझौता किया है.
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि 6 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान में रूसी तेल पर कुछ नहीं कहा गया था, लेकिन व्हाइट हाउस की नई फैक्टशीट स्पष्ट रूप से दिखाती है कि 25% अतिरिक्त टैरिफ हटाने के बदले भारत ने रूसी तेल न खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है.
विपक्ष के नेता ने व्यापार शर्तों में आए बदलावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 'दालों' को चुपचाप सूची में जोड़ दिया गया है, जबकि लाल ज्वार (Sorghum) के आयात का उपयोग, जो पहले 'पशु चारा' बताया गया था, अब रहस्यमयी तरीके से हटा दिया गया है.
खड़गे ने सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि 2017 से जीएम फीड को मंजूरी नहीं देने वाली मोदी सरकार ने अब अचानक इसे अनुमति दे दी है, जिससे देश के 2 करोड़ डेयरी किसान प्रभावित होंगे. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गाय के नाम पर राजनीति करने वाले अब देश की पशु आबादी को नष्ट करने पर तुले हैं.
इसके साथ ही उन्होंने बांग्लादेश को जीरो-ड्यूटी एक्सेस दिए जाने पर चिंता जताई और कहा कि इससे तिरुपुर और सूरत जैसे भारतीय कपड़ा केंद्रों को भारी नुकसान होगा.
वहीं, आम आदमी पार्टी के संसदीय नेता संजय सिंह ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा. सिंह ने कहा कि रूस से सस्ता तेल खरीदकर भारत ने 1.53 लाख करोड़ रुपये बचाए थे, लेकिन अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शर्तों के कारण भारत अपने लोगों के लिए सस्ता तेल नहीं खरीद पाएगा.
उन्होंने इसे भारत की संप्रभुता पर चोट बताया और कहा कि अमेरिका की निगरानी की शर्त यह दर्शाती है कि भारत को अपनी मर्जी से व्यापार करने से रोका जा रहा है.