छत्तीसगढ़ में 'डिजिटल अरेस्ट' करने वाला गुरुग्राम से अरेस्ट
रायपुर । संवाददाता: रायपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन साइबर शील्ड' के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए हरियाणा के गुरुग्राम से उस शातिर जालसाज को दबोच लिया है, जिसने डिजिटल अरेस्ट का खौफ दिखाकर एक व्यक्ति से सवा करोड़ रुपये की ठगी की थी. गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान सोमनाथ महतो के रूप में हुई है, जो लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था.
ठगी का यह सनसनीखेज मामला तब शुरू हुआ जब रायपुर के सपन कुमार को मुंबई क्राइम ब्रांच का फर्जी अधिकारी बनकर कॉल किया गया.
जालसाजों ने मनी लॉन्ड्रिंग के झूठे केस में फंसने का डर दिखाकर पीड़ित को 24 घंटे तक व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए अपनी निगरानी में रखा, जिसे वे 'डिजिटल अरेस्ट' कह रहे थे.
इसी मनोवैज्ञानिक दबाव का फायदा उठाकर आरोपियों ने सपन कुमार से ₹1.25 करोड़ अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए.
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने तकनीकी जांच और बैंकिंग चैनल्स को ट्रैक कर ठगी की रकम को विभिन्न खातों में फ्रीज करवा दिया.
पुलिस की सतर्कता से अब तक पीड़ित को ₹58 लाख वापस मिल चुके हैं, जबकि शेष राशि होल्ड पर है.
जांच में खुलासा हुआ है कि यह एक संगठित साइबर गिरोह है जो कई परतों (लेयर्स) में बैंक खातों का इस्तेमाल कर पैसों की हेराफेरी करता था. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.