न्यूयार्क में आग में जलकर भारतीय छात्रा की दर्दनाक मौत
न्यूयॉर्क । डेस्क: न्यूयॉर्क में एक दुखद घटना में, किराए के मकान में आग लगने के कारण गंभीर रूप से घायल हुई एक भारतीय छात्रा की दो दिन अस्पताल में इलाज के बाद मौत हो गई. न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस छात्रा के निधन की खबर की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है.
जानकारी के अनुसार, मृत भारतीय छात्रा की पहचान साहजा रेड्डी उडुमाला के रूप में हुई है, जो न्यूयॉर्क के अल्बानी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही थीं. वह स्थानीय तौर पर एक किराए के मकान में रह रही थीं, जहाँ उनके साथ कुछ अन्य छात्र भी रहते थे.
गुरुवार को अचानक किसी कारण से इस किराए के मकान में आग लग गई. मकान में रहने वाले लोग भागने की कोशिश भी नहीं कर पाए. सूचना मिलने पर अल्बानी फायर डिपार्टमेंट (दमकल विभाग) ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया.
हालाँकि, आग में फँसे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें बचाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.
लेकिन, 24 वर्षीय साहजा की हालत लगातार बिगड़ती गई. उन्हें दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है. दूतावास ने इस कठिन समय में मृतक के परिवार के साथ खड़े रहने का संदेश दिया है और हर संभव सहायता का वादा किया है. दूसरी ओर, साहजा के पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के लिए परिवार ने लोगों से पैसे जुटाना शुरू कर दिया है.