अब मात्र 15 रुपये में ट्रेन में भरपेट भोजन
नई दिल्ली । डेस्क: अब से रेलगाड़ी में 15-20 में जनता खाना मिलेगा. भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिये एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत अब ट्रेन में सस्ते दामों पर स्वादिष्ट और स्वच्छ भोजन उपलब्ध होगा. खासकर जनरल डिब्बे में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिये, जो अब तक ट्रेन की खानपान सेवाओं से वंचित रहते थे, यह एक बड़ी राहत है.
मात्र 15 रुपये में यात्रियों को 7 पूरियां, आलू की सब्जी और अचार का पैकेट मिलेगा. इसके अलावा, 20 रुपये के पैकेट में 300 मिलीलीटर पानी की बोतल भी शामिल है. इस पहल को 'जनता खाना' नाम दिया गया है, जिसे भारतीय रेलवे और इंडियन रेलवेज कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने मिलकर शुरू किया है.
ट्रेन में खाने की चिंता अब खत्म हो गई है. कई यात्रियों को ट्रेन का खाना पसंद नहीं आता, वहीं स्टेशन या बाहर के विक्रेताओं से खाना खरीदने में गुणवत्ता को लेकर डर रहता है. लेकिन अब 'जनता खाना' के तहत सस्ता, स्वच्छ और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध होगा. यह पैकेज सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है, और यात्रियों ने इसकी गुणवत्ता और कीमत की तारीफ की है.
लोगों का कहना है कि 15 रुपये में इतना अच्छा खाना मिलना वाकई सराहनीय है. खासकर उन लोगों के लिये जो समय की कमी या कम बजट के कारण अच्छा खाना नहीं खरीद पाते, यह पहल एक वरदान साबित होगी.