FBI की 'टेन मोस्ट वांटेड' सूची में शामिल हुआ भारतीय गैंगस्टर गोल्डी बराड़
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी खुफिया एजेंसी एफबीआई ने अपनी 'टेन मोस्ट वांटेड' भगोड़ों की नई सूची जारी की है, जिसमें भारतीय मूल के खतरनाक गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ का नाम शामिल किया गया है. एफबीआई ने गोल्डी बराड़ की सूचना देने या गिरफ्तारी में मदद करने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.3 करोड़ रुपये) का इनाम घोषित किया है.
एफबीआई लॉस एंजिल्स के वरिष्ठ अधिकारी पैट्रिक ग्रैंडी ने बताया कि अपराधों की गंभीरता को देखते हुए गोल्डी को इस सूची में 543वें व्यक्ति के रूप में शामिल किया गया है. इसके साथ ही अमेरिका में संगठित भारतीय आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के तहत कार्रवाई तेज कर दी गई है.
गोल्डी बराड़ न केवल अमेरिका बल्कि भारत की भी 'मोस्ट वांटेड' सूची में शीर्ष पर है. एफबीआई द्वारा अदालत में दाखिल चार्जशीट के अनुसार, गोल्डी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए उत्तरी अमेरिका, कनाडा और भारत में हत्या, रंगदारी, अपहरण, हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी का सिंडिकेट चला रहा है.
वह मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता है. इसके अलावा, खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को लगातार दी जा रही धमकियों के पीछे भी उसी का हाथ माना गया है.
पंजाब के एक पुलिसकर्मी के बेटे गोल्डी बराड़ ने कम उम्र में ही स्थानीय आपराधिक गतिविधियों से शुरुआत की थी, जिसके बाद वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया और बाद में कनाडा भाग गया.
वर्ष 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उसने एक साक्षात्कार में खुलेआम इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी. भारत सरकार के अनुरोध पर इंटरपोल उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है और उस पर यूएपीए (UAPA) के तहत मामला दर्ज है. एफबीआई को आशंका है कि वह फिलहाल कैलिफोर्निया या कनाडा में कहीं छिपा हुआ है और वहीं से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है.