गुरू, 19 नव. 2026

CGKhabar

शुभांशु , 41 साल बाद दूसरा भारतीय अंतरिक्ष में

C

CG Khabar

25 जून 2025, 07:37 AM 2 मिनट में पढ़ें 22

शुभांशु  शुक्ला
शुभांशु शुक्ला

नई दिल्ली । डेस्क: शुभांशु शुक्ला ने बुधवार भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे स्पेसएक्स के 'ड्रैगन' कैप्सूल से फ्लोरिडा के केनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भरी. इस मिशन में भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सहित चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं. यह मिशन 'एक्सियम-4' नाम से जाना जा रहा है.


लॉन्च से ठीक एक घंटे पहले महत्वपूर्ण तकनीकी समस्या आई, जब अंतरिक्ष यान में मौसम संबंधी डेटा अपलोड नहीं हो पा रहा था. हालांकि, वैज्ञानिकों ने तुरंत समस्या का समाधान किया और निर्धारित समय पर फाल्कन-9 रॉकेट ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी. यह मिशन नासा के प्रयास का हिस्सा है, जिसे पहले 29 मई को लॉन्च होना था, लेकिन मौसम और तकनीकी कारणों से इसे कई बार स्थगित किया गया.

विज्ञापन


शुभांशु शुक्ला, राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बन गये हैं. 1984 में राकेश शर्मा ने सोवियत अंतरिक्ष मिशन में हिस्सा लिया था. इस मिशन में शुभांशु पायलट की भूमिका में हैं, जबकि कमांडर नासा के पूर्व अंतरिक्ष यात्री माइकल लोपेज़-एलेग्रिया हैं. इसके अलावा पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री भी इस टीम का हिस्सा हैं.


अगले 14 दिनों तक यह टीम अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर रहेगी और वहाँ 60 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग करेगी. लॉन्च से पहले सभी अंतरिक्ष यात्रियों को एक महीने तक क्वारंटाइन में रखा गया था, ताकि वे किसी संक्रमण से बचे रहें.


यह मिशन भारत के लिए एक गौरवपूर्ण पल है और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में देश की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है.


टीवी पर अपने हाथ जोड़कर और आंसुओं भरी आँखों से बेटे की यात्रा देखती नजर आईं शुभांशु शुक्ला की मां ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया. शुभांशु की मां ने अपने बहु की तारीफ करते हुए कहा कि शुभांशु की उपलब्धि में उनकी पत्नी ने अहम भूमिका निभाई है.


शुभांशु के पिता शंभूदयाल शुक्ला ने कहा कि यह न केवल उनके लिए बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण था और वे दिन-रात मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP