भारत अपनी तेल भंडार क्षमता बढ़ायेगा
नई दिल्ली । डेस्क: भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए छह नये स्थानों पर रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार (एसपीआर) स्थापित करने की योजना बना रहा है. यह कदम वैश्विक तेल आपूर्ति में व्यवधान से बचाव के लिये उठाया गया है.
एक रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की इंजीनियरिंग कंपनी इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) को इन भंडारों के लिये विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा सौंपा है. यह पहल पश्चिम एशिया में हाल की भू-राजनीतिक अस्थिरता, विशेष रूप से इजरायल-ईरान संघर्ष के बीच तेल आपूर्ति जोखिमों को देखते हुए महत्वपूर्ण है.
नये भंडारों के लिये प्रस्तावित स्थानों में कर्नाटक के मंगलौर विशेष आर्थिक क्षेत्र और राजस्थान के बीकानेर में नमक की गुफाओं में भूमिगत भंडारण शामिल हैं. अन्य चार स्थान तटवर्ती क्षेत्रों और रिफाइनरियों के पास चुने गये हैं, ताकि परिवहन और पहुंच आसान हो. इन रिपोर्ट्स को साल के अंत तक जमा करने की उम्मीद है. एक सूत्र ने कहा, “योजना भारत की भंडार क्षमता को 90 दिनों तक ले जाने की है, जो कि मूल आवश्यकता है.”
भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का लगभग 85 फीसदी आयात करता है और प्रतिदिन करीब 5.5 मिलियन बैरल तेल की खपत करता है. वैश्विक तेल आपूर्ति का 20 फीसदी हिस्सा संभालने वाला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जो भारत के लिये तेल आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा है, यदि बंद होता है, तो यह देश की ऊर्जा आपूर्ति और अर्थव्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है. हाल के पश्चिम एशियाई तनाव ने इस जोखिम को और उजागर किया है.
वर्तमान में भारत के पास विशाखापत्तनम (1.33 मिलियन मेट्रिक टन), मंगलुरु (1.5 मिलियन मेट्रिक टन), और पादुर (2.5 मिलियन मेट्रिक टन) में 5.33 मिलियन मेट्रिक टन की भंडारण क्षमता है, जो देश की जरूरतों के लगभग 9.5 दिनों के लिए पर्याप्त है. सरकारी रिफाइनरियों के भंडार को मिलाकर, कुल रणनीतिक तेल भंडार वर्तमान में 77 दिनों की आयात आवश्यकता के बराबर हैं. बता दे कि अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के सदस्य देश कम से कम 90 दिनों का आपातकालीन भंडार रखते हैं.
दूसरे चरण में, ओडिशा के चांदीखोल में 6.5 मिलियन मेट्रिक टन की नई सुविधा और कर्नाटक के पादुर में विस्तार की योजना है, जो सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर आधारित है. छह नये स्थान इस विस्तार के अतिरिक्त होंगे.
भारत वैश्विक ऊर्जा कंपनियों के साथ साझेदारी बढ़ाने पर विचार कर रहा है. यूएई की एडीएनओसी पहले से ही भारतीय भंडारों में क्षमता किराये पर ले चुकी है. एक मिलियन टन भंडार बनाने में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की पूंजीगत लागत आती है. भारत ने पहले भी वैश्विक तेल संकटों के दौरान अपने भंडार का उपयोग किया है. नवंबर 2021 में, इसने अंतरराष्ट्रीय कीमतों को नियंत्रित करने के लिए 5 मिलियन बैरल जारी किये थे, जिसमें अमरीका, चीन और जापान जैसे देशों के साथ समन्वय किया गया था. 2020 के तेल मूल्य संकट के दौरान, सरकार ने 19 डॉलर प्रति बैरल की दर से तेल खरीदकर लगभग 685 मिलियन डॉलर की बचत भी की थी.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की नाजुक स्थिति को देखते हुए, भारत वैकल्पिक तेल आपूर्ति मार्गों पर काम कर रहा है. इसमें एडीएनओसी की हबशान-फुजैराह पाइपलाइन (1.5 मिलियन बैरल प्रति दिन क्षमता) और सऊदी अरामको की पूर्व-पश्चिम पाइपलाइन (5 मिलियन बैरल प्रति दिन क्षमता) शामिल हैं. सरकार का लक्ष्य 39 तेल निर्यातक देशों से खरीद जारी रखते हुये आपूर्ति श्रृंखला को जोखिममुक्त करना है.