ईरान पर UNSC में प्रस्ताव को भारत के समर्थन को चिदंबरम ने बताया 'एकतरफा'
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में ईरान के खिलाफ लाए गए निंदा प्रस्ताव का भारत द्वारा समर्थन करने पर देश में राजनीतिक विवाद छिड़ गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद पी. चिदंबरम ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए भारत की विदेश नीति को 'एकतरफा' करार दिया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि नई दिल्ली अब पूरी तरह अमेरिका और इजरायल के पक्ष में खड़ी दिख रही है.
चिदंबरम ने सवाल उठाया कि भारत ने ईरान द्वारा किए गए हमलों की तो निंदा की, लेकिन ईरान में अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई में मारे गए 1300 लोगों और 168 बच्चों की मौत पर चुप्पी साध रखी है.
यह विवाद तब शुरू हुआ जब 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने प्रस्ताव 2817 (2026) पारित किया, जिसमें ईरान द्वारा अपने पड़ोसी देशों बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब, यूएई और जॉर्डन पर किए गए हमलों की 'कड़े शब्दों में' निंदा की गई है. इस प्रस्ताव को अमेरिका सहित 13 देशों का समर्थन मिला, जबकि रूस और चीन मतदान से दूर रहे. भारत उन 140 सदस्य देशों में शामिल था जिन्होंने इस प्रस्ताव को सह-प्रायोजित किया.
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन से फोन पर बात कर क्षेत्र में बढ़ती हिंसा पर गहरी चिंता जताई.
पीएम मोदी ने नागरिक बुनियादी ढांचे को नुकसान और नागरिकों की जान जाने पर दुख व्यक्त करते हुए शांति और कूटनीति पर जोर दिया.
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि खाड़ी क्षेत्र में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति की निरंतरता भारत की सर्वोच्च प्राथमिकता है. गौरतलब है कि यह संघर्ष 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद शुरू हुआ था, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है.