वैश्विक पटल पर भारत का वजन कम हुआ- पवन खेड़ा
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस ने अमेरिकी पैसिफिक कमांड द्वारा भारत के गलत नक्शे का इस्तेमाल किए जाने और सामरिक कमान के नाम से 'इन्डो' शब्द हटाए जाने को लेकर मोदी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है. कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने केंद्र सरकार की विदेश नीति को कटघरे में खड़ा करते हुए सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि वैश्विक पटल पर भारत का कूटनीतिक वजन अब लगातार कम होता जा रहा है.
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि अमेरिकी पैसिफिक कमान ने भारत का एक त्रुटिपूर्ण नक्शा जारी किया है, जिसमें जम्मू-कश्मीर को गायब कर दिया गया है और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को पाकिस्तान के हिस्से के रूप में दिखाया गया है.
सरकार की 'मित्रता' वाली कूटनीति पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विदेशी दोस्तों की यह आदत बन चुकी है कि वे भारत के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ काम करते हैं. उन्होंने तंज कसा कि जब देश के नेतृत्व ने भारत को ऐसी शोषणकारी दोस्ती में धकेल दिया हो, तो फिर देश को अलग से किसी दुश्मनों की जरूरत ही क्या है.
कांग्रेस नेता ने अमेरिकी रक्षा विभाग द्वारा 'इंडो-पैसिफिक कमांड' का नाम बदलकर फिर से पुराना नाम 'पैसिफिक कमांड' किए जाने को भारत के वैश्विक प्रभाव के लिए एक बड़ा झटका बताया.
उन्होंने भाजपा के 'विश्वगुरु' वाले दावों को खोखला करार देते हुए कहा कि जो देश कभी पूरे रणनीतिक क्षेत्र को अपना नाम देने की हैसियत रखता था, आज उसे वहां से पूरी तरह मिटा दिया गया है.
खेड़ा के मुताबिक, यह घटना साफ संदेश देती है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की साख और कूटनीतिक ताकत अब वैसी नहीं रह गई है जैसा कि सत्ता पक्ष के प्रचार में दावा किया जाता है.
गौरतलब है कि अमेरिकी रक्षा विभाग ने मंगलवार को इस नाम परिवर्तन की घोषणा की थी. अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह फैसला साल 1947 में तत्कालीन राष्ट्रपति हैरी ट्रूमैन द्वारा स्थापित की गई इस कमान की ऐतिहासिक जड़ों को सम्मान देने के लिए लिया गया है.
साल 2018 में डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान इसका नाम बदलकर भारत-प्रशांत कमान किया गया था, जिसे अब दोबारा पुराना स्वरूप दे दिया गया है. इस कमान का क्षेत्र अमेरिकी पश्चिमी तट से लेकर भारत की पश्चिमी सीमा तक फैला हुआ है.