भारत ने ठुकराया ईरान पर हमले के लिए बंदरगाहों के इस्तेमाल का दावा
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि अमेरिका ईरान के खिलाफ हमले करने के लिए भारतीय बंदरगाहों और नौसैनिक अड्डों का उपयोग कर रहा है. विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार, 5 मार्च 2026 को एक आधिकारिक बयान जारी कर इन रिपोर्टों को 'फर्जी और गलत' करार दिया.
यह स्पष्टीकरण अमेरिकी सेना के पूर्व कर्नल डगलस मैकग्रेगर के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने एक न्यूज़ नेटवर्क पर कहा था कि अमेरिकी नौसेना ईरान पर हमले के लिए भारतीय अड्डों का सहारा ले रही है.
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए लोगों को ऐसे मनगढ़ंत और निराधार बयानों से सावधान रहने की सलाह दी है.
यह विवाद ऐसे समय में खड़ा हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव चरम पर है.
गौरतलब है कि बुधवार, 4 मार्च 2026 को श्रीलंका के तट के पास हिंद महासागर में एक अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरानी युद्धपोत पर हमला किया था, जिससे वह जहाज डूब गया. इस टॉरपीडो हमले में कम से कम 83 लोगों की मौत हुई है.
इस घटना ने पश्चिम एशिया के संघर्ष को भारतीय उपमहाद्वीप के बेहद करीब ला दिया है, जिसके बाद भारत ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए किसी भी सैन्य संलिप्तता से इनकार किया है.