भारत ने श्रीलंका को दी 38,000 मीट्रिक टन ईंधन
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उत्पन्न हुए गहरे ऊर्जा संकट के बीच श्रीलंका की मदद के लिए भारत एक बार फिर आगे आया है. श्रीलंका में ईंधन की भारी किल्लत और आपूर्ति बाधित होने के बाद राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संपर्क साधा था, जिसके तत्काल बाद भारत ने आपातकालीन सहायता भेज दी है.
शनिवार को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की श्रीलंकाई इकाई, 'लंका IOC' के माध्यम से कुल 38,000 मीट्रिक टन ईंधन कोलंबो पहुंचा, जिसमें 20,000 मीट्रिक टन डीजल और 18,000 मीट्रिक टन पेट्रोल शामिल है.
राष्ट्रपति दिसानायके ने इस त्वरित सहायता के लिए सोशल मीडिया पर भारत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के कुछ ही दिनों भीतर यह मदद पहुंचना दोनों देशों के मजबूत संबंधों को दर्शाता है.
उन्होंने इस दौरान समन्वय के लिए भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को भी धन्यवाद दिया.
उल्लेखनीय है कि मध्य पूर्व और सिंगापुर के आपूर्तिकर्ताओं से ईंधन प्राप्त करने में आ रही दिक्कतों के बाद श्रीलंका में अफरा-तफरी मच गई थी, जिसे देखते हुए सरकार ने 15 मार्च से ईंधन कोटा प्रणाली लागू कर दी है. ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, भारत से मिली इस मदद के बाद अब देश का मौजूदा स्टॉक मई के अंत तक सुरक्षित है, साथ ही जमाखोरी के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.