इंडिया पोस्ट 24 घंटे में डिलीवरी देगा, न पहुंची तो पूरा पैसा वापस
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय डाक विभाग (इंडिया पोस्ट) जनवरी से 24 घंटे में डिलीवरी की प्रीमियम सेवा शुरू करने जा रहा है. शुरुआती चरण में यह सेवा छह महानगरों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता में लागू होगी. डाक विभाग ने दावा किया है कि बुकिंग के 24 घंटे के भीतर डिलीवरी की गारंटी दी जाएगी. यदि समय पर डिलीवरी नहीं हो पाती है तो ग्राहक को पूरा पोस्टेज शुल्क वापस कर दिया जाएगा.
यह कदम डाक विभाग के बढ़ते घाटे को कम करने के लिए उठाया गया है. वित्त वर्ष 2024-25 में विभाग का घाटा करीब 25 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया था. निजी कूरियर कंपनियों से मुकाबले के लिए अब इंडिया पोस्ट अपनी सेवाओं को तेज और आधुनिक बना रहा है.
24 घंटे की इस सेवा में फिलहाल 500 ग्राम तक के दस्तावेज भेजे जा सकेंगे. आगे चलकर भारी पार्सल भी इस सेवा में शामिल किए जाएंगे. शुल्क को 50 ग्राम, 250 ग्राम और 500 ग्राम तीन श्रेणियों में बांटा गया है. स्थानीय क्षेत्र में 50 ग्राम तक के पत्र की न्यूनतम कीमत 38 रुपये होगी, जबकि 2000 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी के लिए अधिकतम शुल्क 186 रुपये तय किया गया है. इस पर 5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त लगेगा.
ग्राहक चाहें तो रजिस्ट्रेशन, बीमा, ओटीपी आधारित डिलीवरी, एसएमएस अलर्ट और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी ले सकते हैं. इसके लिए अलग शुल्क देना होगा. बड़ी संख्या में बुकिंग करने वाले व्यावसायिक ग्राहकों को विशेष छूट और पहले सेवा, बाद में भुगतान की सुविधा भी मिलेगी.
डाक बुकिंग अगर शाम 4 बजे तक कर दी जाती है तो अगले दिन डिलीवरी संभव होगी. कुछ चुनिंदा पोस्ट ऑफिस में यह समय शाम 6 बजे तक रहेगा. यदि डाक खो जाती है या क्षतिग्रस्त होती है तो अधिकतम 1,000 रुपये तक का मुआवजा दिया जाएगा.
इसके साथ ही डाक विभाग 48 घंटे में डिलीवरी की एक और सेवा भी शुरू कर रहा है, जिसका शुल्क अपेक्षाकृत कम होगा न्यूनतम 25 रुपये और अधिकतम 121 रुपये. समय पर डिलीवरी नहीं होने पर इस सेवा में भी पैसा वापस मिलेगा. इन नई सेवाओं को सफल बनाने के लिए डाककर्मियों को प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की गई है.
कुल मिलाकर, इंडिया पोस्ट अब निजी कूरियर कंपनियों को टक्कर देने के लिए पूरी तैयारी में जुट गया है.