खामेनेई के निधन पर भारत ने जताया शोक, विदेश सचिव पहुँचे ईरानी दूतावास
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार ने ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के निधन पर गुरुवार को आधिकारिक रूप से शोक व्यक्त किया. 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में खामेनेई की मृत्यु के बाद भारत की ओर से यह पहली औपचारिक प्रतिक्रिया है.
इस अवसर पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास का दौरा किया और शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर किए. उन्होंने ईरानी राजदूत मोहम्मद फथली से मुलाकात कर भारत की संवेदनाएं साझा कीं, जिसकी एक तस्वीर विदेश मंत्रालय ने भी जारी की है.
हालाँकि, भारत ने इस मामले में एक नपा-तुला कूटनीतिक रुख अपनाते हुए हमले की सीधे तौर पर निंदा करने से परहेज किया है.
विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में तनाव कम करने की अपील करते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर जोर दिया है.
एक ओर जहाँ भारत ने ईरान के प्रति संवेदना जताई है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खाड़ी देशों के नेताओं से बात कर उन पर हुए ईरानी जवाबी हमलों की निंदा की. घरेलू स्तर पर भी इस घटनाक्रम ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है, जहाँ कांग्रेस सहित विपक्षी दल केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर अधिक स्पष्ट और सुसंगत रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं.