ग्लोबल वार्मिंग में भारत का योगदान 0.05 डिग्री से भी कम
नई दिल्ली । डेस्क: ग्लोबल वॉर्मिंग और जलवायु परिवर्तन को लेकर हुए एक नए अध्ययन में भारत के उत्सर्जन और वैश्विक तापमान वृद्धि में इसके योगदान को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं. 'एनवायरमेंटल रिसर्च कम्युनिकेशंस' पत्रिका में प्रकाशित इस शोध के अनुसार, वर्ष 2024 तक वैश्विक तापमान में वृद्धि (ग्लोबल वॉर्मिंग) में भारत का योगदान 0.05 डिग्री सेल्सियस से भी कम (लगभग 0.047 से 0.05 डिग्री सेल्सियस) रहा है.
यह अमेरिका, चीन, यूरोपीय संघ और रूस जैसे प्रमुख उत्सर्जक देशों की तुलना में काफी कम है, हालांकि ब्रिटेन, ब्राजील और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई अन्य औद्योगिक व उभरती अर्थव्यवस्थाओं से अधिक है.
यूके की क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता वीके पटेल और आईआईटी खड़गपुर के पीए तक्सल द्वारा किए गए इस अध्ययन में 1750 से 2024 तक के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है.
अध्ययन के मुताबिक, ऐतिहासिक रूप से ग्लोबल वॉर्मिंग में सबसे बड़ा योगदान अमेरिका का रहा है, जिसने तापमान में लगभग 0.27 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की है. इसके बाद चीन 0.19 डिग्री सेल्सियस, यूरोपीय संघ 0.17 डिग्री सेल्सियस और रूस 0.07 से 0.08 डिग्री सेल्सियस के योगदान के साथ शीर्ष पर हैं.
शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि भले ही भारत का संचयी योगदान अपेक्षाकृत मामूली रहा है, लेकिन इसमें सबसे तेज बढ़ोतरी 1990 के बाद के दशकों में देखी गई है. भारत के इस योगदान में ऊर्जा क्षेत्र में जीवाश्म ईंधन के उपयोग से होने वाला कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन मुख्य कारक है.
वहीं गैर-कार्बन डाइऑक्साइड गैसों में कृषि क्षेत्र से निकलने वाली मीथेन और नाइट्रस ऑक्साइड की प्रमुख भूमिका है, जो भारत के कुल योगदान का लगभग एक-तिहाई से दो-पांचवां हिस्सा बनाती हैं.
रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है जिन्होंने ग्लोबल वॉर्मिंग में सबसे कम योगदान दिया है, लेकिन अपनी घनी आबादी और उष्णकटिबंधीय जलवायु के कारण यह इसके सबसे गंभीर परिणामों को झेलने वाले देशों में से एक है.
विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के वर्षों में बढ़ी उत्सर्जन की गति को देखते हुए भारत के लिए ऊर्जा प्रणाली को तेजी से कार्बन-मुक्त (Decarbonisation) करना बेहद आवश्यक हो गया है. राष्ट्रीय स्तर पर इस तरह का सटीक आकलन भविष्य की जलवायु नीतियों और शमन (Mitigation) रणनीतियों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.