भारत ने ढाका में मंदिर तोड़े जाने की निंदा की
नई दिल्ली । डेस्क: भारत ने गुरुवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक दुर्गा मंदिर को तोड़े जाने की कड़ी निंदा की है. और कहा है कि यह घटना बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की हिंदू अल्पसंख्यकों और उनके धार्मिक स्थलों की सुरक्षा करने में असमर्थता को दर्शाती है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह टिप्पणी पिछले अगस्त में शेख हसीना सरकार के पतन और नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार के गठन के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों में आई तीव्र गिरावट की पृष्ठभूमि में की. भारत ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की धार्मिक अल्पसंख्यकों के दमन को रोकने में विफलता के लिए कई बार आलोचना की है.
जायसवाल ने ढाका में दुर्गा मंदिर के विध्वंस के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों की आलोचना की. उन्होंने कहा, “हमें जानकारी मिली है कि चरमपंथी ढाका के खिलखेत में दुर्गा मंदिर को तोड़ने की मांग कर रहे थे. अंतरिम सरकार ने मंदिर को सुरक्षा प्रदान करने के बजाय इस घटना को अवैध भूमि उपयोग के रूप में पेश किया और आज (गुरुवार) को मंदिर के विनाश की अनुमति दी.”
उन्होंने आगे कहा, “इसके परिणामस्वरूप मूर्ति को स्थानांतरित करने से पहले उसे नुकसान पहुंचा. हम इस बात से व्यथित हैं कि बांग्लादेश में ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं.”
जायसवाल ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की हिंदुओं, उनकी संपत्तियों और धार्मिक संस्थानों की रक्षा करने की जिम्मेदारी पर जोर दिया.
1996 के गंगा जल संधि के नवीकरण, जो अगले साल समाप्त होने वाली है, के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा कि भारत और बांग्लादेश 54 सीमा-पार नदियों, जिनमें गंगा शामिल है, को साझा करते हैं. उन्होंने कहा, “इस सहयोग से संबंधित सभी प्रासंगिक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए दोनों देशों के पास एक द्विपक्षीय तंत्र है, जो संयुक्त नदी आयोग है. हमारी अपनी आंतरिक परामर्श प्रक्रिया में संबंधित राज्य सरकारों के साथ भी परामर्श होता है.”