भारत की प्राथमिकता शांति और नागरिकों की सुरक्षा: विदेश मंत्री
नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को संसद के दोनों सदनों में एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए स्पष्ट किया कि भारत इस क्षेत्र में शांति, संवाद और कूटनीति का पक्षधर है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं और सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वहां फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
विदेश मंत्री ने बताया कि अब तक लगभग 67,000 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है.
संसद में जानकारी देते हुए विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि पश्चिम एशिया का संघर्ष भारत के लिए गहरी चिंता का विषय है क्योंकि खाड़ी देशों और ईरान में लगभग एक करोड़ भारतीय रहते हैं.
उन्होंने बताया कि सरकार ने एयरस्पेस की आंशिक उपलब्धता के बावजूद अतिरिक्त व्यावसायिक उड़ानों और अन्य माध्यमों से निकासी प्रक्रिया को तेज किया है. इसके अलावा, विदेश मंत्रालय ने स्थिति की निगरानी के लिए एक समर्पित कंट्रोल रूम और नाविकों की सहायता के लिए एक त्वरित प्रतिक्रिया टीम भी गठित की है.
आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर देते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र भारत का प्रमुख व्यापारिक भागीदार है, जिससे सालाना $200 बिलियन का कारोबार होता है.
उन्होंने बताया कि भारत ने यूएई, कतर, सऊदी अरब, इजरायल और जॉर्डन सहित क्षेत्र के तमाम राष्ट्राध्यक्षों से संपर्क साधा है, जिन्होंने भारतीय समुदाय की सुरक्षा का आश्वासन दिया है.
विदेश मंत्री जयशंकर ने यह भी उल्लेख किया कि मानवीय आधार पर 4 मार्च को ईरानी जहाज 'IRIS लावन' को कोच्चि में रुकने की अनुमति दी गई थी. उन्होंने अंत में दोहराया कि भारत अपने ऊर्जा हितों और उपभोक्ताओं के लाभ को सुरक्षित रखने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी रखेगा. File Photo