छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग का छापा, SECL मैनेजर के घर दबिश
छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग का छापा, SECL मैनेजर के घर जांच जारी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को करीब आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश दी है. यह कार्रवाई मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में की जा रही है. बिलासपुर में ही करीब आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश की सूचना है.
बताया जा रहा है कि यह मामला साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) से जुड़ी एक गंभीर शिकायत पर की गई है.
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8 बजे इनकम टैक्स विभाग की अलग-अलग टीमें चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ में एक साथ छापे के लिए पहुंची.
चिरमिरी में पोड़ी नवापारा स्थित एसईसीएल ओपन कास्ट के मैनेजर रविशंकर चक्रधारी घर दबिश दी है. तीन गाड़ियों में पहुंची टीम घर के अंदर दस्तावेजों की जांच कर रही है.
इसी तरह मनेंद्रगढ़ में अहमद कॉलोनी में एसी मनीष गुप्ता के आवास में छापेमारी की है. यहां भी अधिकारी घर के भीतर मौजूद हैं और दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है.
हालांकि विभागीय अधिकारी किसी भी प्रकार की जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं.
छापेमारी की यह कार्रवाई किस आधार पर हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. फिलहाल इसे गोपनीय रखा गया है.
लेकिन इससे जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. माना जा रहा है कि यह छापा कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित हो सकते हैं.