इमरान खान की आंखों में सुधार का सरकारी दावा, परिवार ने ठुकराया
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान की आंखों की स्थिति को लेकर विवाद जारी है. सरकारी मेडिकल बोर्ड ने दावा किया है कि जेल में इलाज के बाद उनकी दाहिनी आंख की रोशनी में काफी सुधार हुआ है, लेकिन परिवार और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने इस रिपोर्ट को पूरी तरह खारिज कर दिया है. परिवार का कहना है कि बिना उनके निजी डॉक्टर और परिवार के सदस्य की मौजूदगी के कोई भी रिपोर्ट विश्वसनीय नहीं.
अडियाला जेल, रावलपिंडी में रविवार को दो सदस्यीय मेडिकल बोर्ड (डॉ. नदीम कुरैशी और डॉ. मुहम्मद आरिफ खान) ने इमरान खान (73) की विस्तृत जांच की. बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, दाहिनी आंख की रोशनी 6/36 से बढ़कर 6/9 हो गई है, जबकि बायीं आंख में चश्मे के साथ 6/6 (सामान्य) बनी हुई है. 6/9 का मतलब है कि व्यक्ति 6 मीटर से वह चीज देख सकता है, जो सामान्य आंख वाला 9 मीटर से देखता है. बोर्ड ने सुधार को "महत्वपूर्ण" बताया और अस्पताल में शिफ्ट करने की सिफारिश नहीं की.
सरकार के वकील और मंत्री अजम नजीर तरार तथा तारिक फजल चौधरी ने कहा कि इलाज से सुधार हुआ है और जांच पूरी पारदर्शिता से हुई. उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ नेताओं और निजी डॉक्टरों को भी जानकारी दी गई.
हालांकि, इमरान खान की बहन अलीमा खान ने कहा कि परिवार को सरकारी अधिकारियों पर कोई भरोसा नहीं.
उन्होंने कहा, "बिना निजी डॉक्टर और परिवार के प्रतिनिधि की मौजूदगी के हम सरकारी दावों को सिरे से अस्वीकार करते हैं." अलीमा ने इसे "चिंताजनक और अस्वीकार्य" करार दिया और आरोप लगाया कि सरकार ने बार-बार परिवार के प्रस्तावित डॉक्टरों और सदस्यों को जांच में शामिल होने से रोका. उन्होंने शिफा इंटरनेशनल अस्पताल, इस्लामाबाद में शिफ्ट करने की मांग दोहराई.
इमरान खान के निजी चिकित्सक और शौकत खानुम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आसिम यूसुफ ने वीडियो संदेश में कहा कि जेल के डॉक्टरों ने उन्हें फोन पर 40 मिनट ब्रीफ किया और सुधार की बात कही, लेकिन बिना खुद जांच के वे इसकी पुष्टि या खंडन नहीं कर सकते.
यह विवाद पिछले महीने शुरू हुई रिपोर्ट से जुड़ा है, जब सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त बैरिस्टर सलमान सफदर ने कहा था कि पिछले तीन महीनों में खान की दाहिनी आंख की रोशनी तेजी से घटी है और केवल 15 प्रतिशत बची है. उन्होंने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया था.
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ महासचिव सलमान अक्रम राजा ने कहा कि डॉक्टरों ने बताया कि खान अब दीवार पर लगा घड़ी और उसकी सुइयां देख सकते हैं, जो पहले नहीं कर पाते थे. लेकिन परिवार ने इसे भी खारिज किया. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ सांसदों के बाहर धरने पर है और खान को विशेष इलाज तथा परिवार/डॉक्टर की पहुंच की मांग कर रही है.
अलीमा खान ने कहा कि उनके भाई कोई अंतर्निहित बीमारी (जैसे डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर) नहीं है और यह राजनीतिक कैदी के साथ "जानबूझकर अपराध" है. उन्होंने मंगलवार को जेल के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा की. खान के बेटे (कासिम और सुलेमान) को पाकिस्तान आने के लिए वीजा नहीं मिल रहा.
संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में भी खान की हिरासत को मनमाना बताया गया था.