एवरेस्ट और लालजी गोधू के हींग पाउडर की बिक्री पर तुरंत रोक
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने के मामले में दो बड़े मसाला ब्रांड्स-एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स और लालजी गोधू एंड कंपनी पर कड़ा एक्शन लिया है. नियामक ने दोनों कंपनियों के 'हींग पाउडर' (कंपाउंडेड हींग) को घटिया (सब-स्टैंडर्ड) और नियमविरुद्ध पाए जाने के बाद उनकी बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है.
FSSAI द्वारा की गई प्रयोगशाला जांच में एवरेस्ट के हींग पाउडर के सैंपल 'मिसब्रांडेड' और 'सब-स्टैंडर्ड' पाए गए. खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कंपाउंडेड हींग में अल्कोहल घुलनशील एक्सट्रैक्ट न्यूनतम 5 प्रतिशत होना अनिवार्य है, लेकिन एवरेस्ट के सैंपल में यह शून्य प्रतिशत मिला.
वहीं, ब्रांड के येलो और ब्लैक हींग पाउडर के सैंपलों में भी यह मात्रा क्रमशः 3.29 और 4.4 प्रतिशत ही पाई गई, जो तय मानक से काफी कम है.
दूसरी ओर, लालजी गोधू एंड कंपनी के कंपाउंडेड हींग (पाउडर और ढेला) के सैंपल भी जांच में सब-स्टैंडर्ड और मिलावटी पाए गए. पड़ताल में सामने आया कि हींग बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कच्चे माल में तय सीमा से अधिक स्टार्च मौजूद था. नियमों के मुताबिक हींग में स्टार्च की मात्रा 1 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए.
इस गंभीर लापरवाही को लेकर FSSAI ने दोनों कंपनियों को चेतावनी जारी की है और उनसे इस तरह की गड़बड़ियों को तुरंत सुधारने तथा भविष्य में मानक खाद्य उत्पाद तैयार करने के लिए एक्शन प्लान मांगा है. नियामक ने साफ किया है कि यदि कंपनियों ने नियमों का कड़ाई से पालन नहीं किया तो उनके खिलाफ आगे और भी सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे.