इंद्रावती नदी में अवैध रेत उत्खनन जोरों पर
छत्तीसगढ़ में बस्तर की जीवनरेखा इंद्रावती नदी में अवैध रेत उत्खनन जोरों से
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में बस्तर की प्राणदायनी कहे जाने वाली इंद्रावती नदी के घटते जल स्तर को लेकर बस्तर के किसान लगातार सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं.
इंद्रावती नदी बचाओ के बैनर तले सालों से सामाजिक कार्यकर्ता सरकार से नदी के संरक्षण के लिए मांग कर रहे हैं. दूसरी तरफ रेत माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि दिन दहाड़े नदी से रेत का अवैध उत्खनन कर रहे हैं.
जिन इलाकों में इंद्रावती नदी का पानी पूरी तरह से सूख गया है. उन इलाकों में रेत माफिया जेसीबी, पोकलेन जैसे बड़ी-बड़ी मशीनें लगाकर लगातार रेत का उत्खनन कर रहे हैं. बालूद से बड़े पैमाने पर रेत अलग-अलग जगह से रोज निकाली जा रही है. जिससे जल संकट और गहराता जा रहा है. यह हमारे पारिस्थितिक तंत्र पर भी बुरा असर डालता है.
इधर कार्रवाई के नाम पर खनिज विभाग सिर्फ खानापूर्ति कर रहा है. जानकारी के मुताबिक हर रोज 150 से 200 ट्राली रेती निकाली जा रही है. साथ ही हर दिन 100 से अधिक टिप्पर वाहनों से भी रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है.
कार्यवाही के नाम पर खानापूर्ति कर रहा विभाग
दरअसल छत्तीसगढ़ सरकार की रोक के बावजूद बस्तर संभाग में अवैध रेत उत्खनन का सिलसिला लगातार जारी है.
खनन के मामले में तस्करों पर कोई बड़ी कार्यवाही नहीं होने की वजह से इन तस्करों के हौसले बुलंद हैं.
बस्तर की जीवनदायिनी इंद्रावती नदी, दंतेवाड़ा में डंकनी नदी और बीजापुर की मिंगाचल नदी के अलावा संभाग की अन्य नदियों में उत्खनन कर दोहन कर रहे हैं.
इधर खनिज विभाग की कार्यवाही भी सिर्फ जुर्माना वसूली तक सीमित है. इस वजह से विभाग सिर्फ राजस्व वसूली का टारगेट पूरा करने में लगा हुआ है.
दूसरी तरफ रेत तस्कर धड़ल्ले से अवैध उत्खनन किया जा रहा है.
केवल 3 खदानों को मिली है मंजूरी
खनिज विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बस्तर जिले में केवल 3 खदानों को रेत निकालने की स्वीकृति दी गई है. राजस्व विभाग के पास मौजूद रिकॉर्ड के मुताबिक केवल 3 खदानें हैं.
लेकिन रेत तस्करों के द्वारा बिना पीटपास के और बिना परमीशन लिए इंद्रावती नदी तट और जिले की अन्य नदियों से लगातार अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है.
यह भी बताया जा रहा है कि जिले में रेत का अवैध व्यापार कर मुनाफा कमाने वालों की संख्या बहुत ज्यादा है. खनिज विभाग इन माफियाओं पर नकेल कसने में कामयाब नहीं हो पा रहा है.
जुर्माना वसूलने तक सीमित विभाग
खनिज विभाग के अधिकारी शिखर चेरपा के मुताबिक अवैध रेत उत्खनन की जानकारी मिलने के बाद तस्करों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जा रही है.
उनके वाहनों को भी जब्त करने का काम किया जा रहा है. लेकिन राजस्व विभाग केवल जुर्माना वसूली तक सीमित है.
हर रोज नदी तटों से अवैध उत्खनन की शिकायत ग्रामीणों द्वारा खनिज विभाग को दी जाती है.
बावजूद इसके इन माफियाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने के चलते लगातार इन नदियों का दोहन रेत माफियाओं के द्वारा किया जा रहा है.