ICT शुल्क विवाद: भारत-ताइवान ने आपसी समाधान के लिए WTO से मांगा समय
नई दिल्ली । डेस्क: भारत और ताइवान ने सूचना और संचार प्रौद्योगिकी (ICT) उत्पादों पर भारत द्वारा लगाए गए आयात शुल्क के विवाद में एक बार फिर नरमी दिखाई है. दोनों देशों ने संयुक्त रूप से विश्व व्यापार संगठन (WTO) के विवाद निपटान निकाय (DSB) से अनुरोध किया है कि इस मामले में आने वाले फैसले को 27 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया जाए.
यह नौवां अवसर है जब दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से फैसले को टालने की मांग की है, जो इस बात का संकेत है कि दोनों राष्ट्र कानूनी लड़ाई के बजाय कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता दे रहे हैं.
विवाद की जड़ें साल 2019 में हैं, जब ताइवान, जापान और यूरोपीय संघ ने भारत द्वारा कुछ इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों पर लगाए गए आयात शुल्क के खिलाफ मोर्चा खोला था.
भारत ने 2017 में 'मेक इन इंडिया' अभियान के तहत स्थानीय विनिर्माण को प्रोत्साहन देने के लिए इन उत्पादों पर शुल्क 7.5% से बढ़ाकर 15% और बाद में 20% कर दिया था.
जहां जापान और यूरोपीय संघ के साथ भारत पहले ही इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहा है, वहीं ताइवान के साथ निरंतर बातचीत का दौर जारी है.
WTO के नियमों के अनुसार, पैनल के फैसले को आदेश जारी होने के 60 दिनों के भीतर लागू करना अनिवार्य होता है.
हालांकि, यदि भारत और ताइवान के बीच चल रही यह द्विपक्षीय वार्ता विफल रहती है, तो ताइवान पैनल की रिपोर्ट को अपनाने की मांग कर सकता है.
ऐसी स्थिति में भारत के पास अपीलीय निकाय में जाने का विकल्प होगा, लेकिन वर्तमान में अमेरिका द्वारा न्यायाधीशों की नियुक्ति रोकने के कारण WTO का अपीलीय निकाय पिछले तीन वर्षों से निष्क्रिय पड़ा है. फिलहाल, दोनों देशों की नजरें अक्टूबर तक निकलने वाले किसी संभावित समाधान पर टिकी हैं.