होर्मुज संकट: ईरान की चेतावनी से फंसे 700 टैंकर, भारत की बढ़ी टेंशन
नई दिल्ली । डेस्क: ईरान और ओमान के बीच स्थित सामरिक रूप से महत्वपूर्ण 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) में तनाव चरम पर पहुँच गया है. तेहरान द्वारा विदेशी जहाजों को निशाना बनाने की कड़ी चेतावनी के बाद इस समुद्री मार्ग पर करीब 700 टैंकर फंसे हुए हैं, जिनमें से 334 टैंकर कच्चे तेल से लदे हैं.
ईरान की ओर से जारी सीधी धमकी के कारण नाविक आगे बढ़ने का जोखिम नहीं उठा रहे हैं, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति में 86 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है.
समुद्री निगरानी संस्थाओं 'विंडवर्ड' और 'केपलर' के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को जहाँ केवल तीन टैंकर यहाँ से गुजर सके, वहीं सोमवार को मात्र एक छोटे जहाज ने ही इस मार्ग को पार करने का साहस दिखाया.
इस संकट ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है, क्योंकि भारत अपनी जरूरत का लगभग 50 प्रतिशत कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से आयात करता है.
वर्तमान स्थिति को देखते हुए भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि वह हालात पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और ऊर्जा की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
खबरों के मुताबिक, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत ने फिलहाल अन्य देशों को तेल निर्यात स्थगित कर दिया है और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रहा है ताकि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सके.