हनीमून में पत्नी ने कराई पति की हत्या
हनीमून में इंदौर की सोनम ने पति राजा का कत्ल कराया.
रायपुर । संवाददाता: इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में मेघालय पुलिस ने सनसनीखेज राज खोला है. नवविवाहित जोड़े की हनीमून यात्रा, जो सपनों का सफर मानी जा रही थी, एक सुनियोजित हत्या की साजिश निकली.
पुलिस ने राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मेघालय के डीजीपी आई नोंग्रांग ने बताया कि सोनम ने अपने पति की हत्या के लिये भाड़े के हत्यारों को हायर किया था.
गाजीपुर के ढाबे से सोनम गिरफ्तार
17 दिन तक लापता रहने के बाद सोनम रघुवंशी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में एक ढाबे से बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, सोनम ने खुद सरेंडर किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
इसके अलावा, तीन अन्य हमलावरों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनमें से दो को इंदौर से और एक को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया.
डीजीपी ने बताया कि ये हमलावर मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं, और एक अन्य संदिग्ध की तलाश में अभियान जारी है.
टूर गाइड की गवाही ने खोला राज
7 जून 2025 को एक टूर गाइड ने पुलिस को अहम जानकारी दी थी. गाइड के मुताबिक, 23 मई को जब राजा और सोनम मेघालय के सोहरा इलाके में लापता हुये, तब उनके साथ तीन अजनबी पुरुष भी थे. इस बयान ने जांच को नई दिशा दी और पुलिस ने गहन छानबीन शुरू की.
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने भी इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की.
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “राजा हत्याकांड में मेघालय पुलिस ने सात दिनों के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है. तीन हमलावर गिरफ्तार किये गये हैं, और एक महिला ने आत्मसमर्पण किया है.”
क्या है पूरा मामला?
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई 2025 को हुई थी. शादी के मात्र नौ दिन बाद, 20 मई को यह जोड़ा हनीमून के लिये मेघालय रवाना हुआ. 22 मई को वे शिलांग पहुंचे और 23 मई को नोंग्रियाट गांव के प्रसिद्ध डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज देखने गये.
उसी दिन दोपहर में सोनम ने अपनी सास से आखिरी बार फोन पर बात की थी. इसके बाद दोनों के फोन बंद हो गये.
24 मई को उनकी किराये की स्कूटी सोहरा के पास लावारिस हालत में मिली. 2 जून को वेई सॉडॉन्ग झरने के पास एक गहरी खाई में राजा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. शव की पहचान उनके हाथ पर बने ‘राजा’ टैटू से हुई.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से हत्या की पुष्टि हुई. शव के पास खून से सना एक दाव (माचेट), सोनम की जैकेट, और अन्य सामान भी मिला, जिसने मामले को और रहस्यमय बना दिया.
परिवार ने लगाये थे गंभीर आरोप
राजा का शव मिलने के बाद सोनम की तलाश तेज कर दी गई थी. परिवार को आशंका थी कि सोनम का अपहरण हुआ है या उसे मानव तस्करी का शिकार बनाया गया. सोनम के पिता देवी सिंह और मां ने सीबीआई जांच की मांग की थी.
सोनम की मां ने भावुक होकर कहा था, “हम दिन-रात टीवी के सामने बैठे हैं, शायद बेटी का कुछ पता चले.”
परिवार ने शिलांग के स्थानीय होटल कर्मचारियों और गाइडों पर भी संदेह जताया था.
साजिश का सच आया सामने
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या की साजिश रची थी. मेघालय के डीजीपी के अनुसार, हत्या के लिए हत्यारों को मध्य प्रदेश से हायर किया गया था, और यह पूरी योजना पहले से तैयार की गई थी.
हालांकि, हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.
पुलिस ने सोनम को इलाज के लिये गाजीपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, और पूछताछ के बाद मामले की और गहराई से जांच की जायेगी.
अब क्या?
सोनम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि इस हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आयेगी. मेघालय पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) के जरिये तेजी से कार्रवाई की है, लेकिन कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं. राजा की हत्या के पीछे सोनम का मकसद क्या था? क्या इस साजिश में और लोग शामिल हैं?
इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेंगे.
इस मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. एक हनीमून यात्रा, जो खुशियों का प्रतीक थी, एक खौफनाक साजिश की कहानी बन गई.